
विभागीय आयुक्त डॉ. चंद्रकांत पुलकुंडवार ने बाल निरीक्षण गृहों का किया निरीक्षण
सांगली सोहन सिंह
पुणे विभागीय आयुक्त डॉ. चंद्रकांत पुलकुंडवार ने दादू काका भिड़े बालक निरीक्षण गृह एवं सुंदरबाई शंकरलाल मालू बालिका निरीक्षण गृह का दौरा कर वहां संचालित नवाचारी गतिविधियों की जानकारी ली और बच्चों से संवाद किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अशोक काकड़े सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयास से बच्चों को दीपक, आकाशकंदील, रंगोली एवं सजावटी वस्तुएं बनाने का प्रशिक्षण दिया गया, जिन्हें प्रदर्शनी के माध्यम से बेचा गया। साथ ही बच्चों के लिए रोबोटिक्स, सेंसर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर 15 दिवसीय कार्यशाला भी आयोजित की गई।
विभागीय आयुक्त ने बच्चों द्वारा तैयार वस्तुओं की सराहना की, सुविधाओं की जानकारी ली तथा बच्चों को भविष्य के लिए मार्गदर्शन व शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बाल संरक्षण कक्ष द्वारा बाल विवाह मुक्त महाराष्ट्र अभियान के अंतर्गत शपथ दिलाई गई और वीर बाल दिवस के अवसर पर प्रमाण पत्र वितरित किए गए।



