
मतदान 29 दिसंबर को – कलेक्टर ने व्यवस्थाओं के दिए निर्देश
रीवा विशाल समाचार. राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंचायत राज संस्थाओं के निर्वाचन में मतदान 29 दिसंबर को होगा। मतदान प्रात: 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। मतगणना 2 जनवरी को की जायेगी। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य के वार्ड क्रमांक 16 के लिए मतदान होगा। रायपुर कर्चुलियान जनपद पंचायत के तहत ग्राम पंचायत जरहा में सरपंच पद तथा जनपद पंचायत गंगेव में ग्राम पंचायत महमूदपुर में सरपंच पद के लिए मतदान होगा। जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान में मतदान सामग्री का वितरण जनपद पंचायत कार्यालय रायपुर कर्चुलियान से किया जायेगा। मतगणना भी जनपद पंचायत कार्यालय में ही होगी। गंगेव जनपद पंचायत में सरपंच पद तथा जिला पंचायत सदस्य पद के लिए सामग्री का वितरण और मतगणना सीएम राइज सांदीपन उ.मा.वि. गंगेव से होगा। कलेक्टर ने कहा है कि अधीक्षण यंत्री विद्युत मंडल मतदान तथा मतगणना दिवसों में बिजली की निर्बाध आपूर्ति की व्यवस्था करें। कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग मतगणना स्थल तथा सामग्री वितरण स्थलों पर आवश्यक बैरेटिंग करायें। संबंधित रिटर्निंग आफीसर निर्वाचन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करायें।
क्रमांक-264-3944-उमेश तिवारी
आधुनिक कृषि उपकरणों को देखकर आकर्षित हुए किसान
रीवा 26 दिसम्बर 2025. रीवा जिले के बसामन मामा में गत दिवस किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। किसान सम्मेलन में केन्द्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव तथा उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल शामिल हुए। सम्मेलन के साथ कृषि विभाग कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा आधुनिक कृषि उपकरणों की आकर्षक और विशाल प्रदर्शनी लगाई गई। आधुनिक कृषि उपकरणों को देखकर किसान आकर्षित हुए। किसानों ने उपकरणों के संबंध में कृषि वैज्ञानिकों और इंजीनियरों से उत्सुकता के साथ जानकारी ली।
इस संबंध में सहायक संचालक कृषि अभियांत्रिकी ने बताया कि प्रदर्शनी में हल से लेकर हार्वेस्टर तक के आधुनिक कृषि उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को नरवाई के प्रबंधन की जानकारी दी गई। प्रदर्शनी में जीरो टिलेज सीड कम फर्टिलाइजर ड्रिल, मल्चर, सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, स्मार्ट सीडर, बेलर, हे-रेक तथा स्लेशर जैसे आधुनिक उपकरण प्रदर्शित किए गए। इनके उपयोग से नरवाई से खाद बनाने और आसानी से फसलों की बोनी की तकनीक बताई गई। प्रदर्शनी में रोटरी ट्रिलर, धान का रोपा लगाने वाली मशीन, चीसल प्लाऊ, यूरिया और दवा का छिड़काव करने वाले ड्रोन तथा लेजर लैण्ड लेबरल प्रदर्शित किए गए। प्रदर्शनी में खाद्य प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन से जुड़े उपकरण जैसे दालमिल, राइसमिल तथा पल्वनाइजर का भी प्रदर्शन किया गया। सहायक संचालक ने बताया कि किसान सम्मेलन में आयोजित प्रदर्शनी में कृषि अभियांत्रिकी संचालनालय से जुड़े 49 कृषि उपकरण निर्माताओं द्वारा 105 कृषि उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। किसानों को आधुनिक उपकरणों की तकनीक तथा उससे जुड़े साहित्य का वितरण किया गया। प्रदर्शनी में एक ही स्थान पर सभी आधुनिक कृषि उपकरण देकर कई किसानों ने इनकी जानकारी ली। कृषि अभियांत्रिकी विभाग के संभागीय कार्यालय रीवा और शहडोल तथा जिले के अमले ने मिलकर प्रदर्शनी को अमलीजामा पहनाया।



