रीवा

पशुपालन राज्यमंत्री ने किया नक्षत्र वाटिका का उद्घाटन

पशुपालन राज्यमंत्री ने किया नक्षत्र वाटिका का उद्घाटन

आरोग्य एवं नक्षत्र वाटिका भावी पीढ़ी को प्रकृति से जोड़ेंगे – राज्यमंत्री

 

रीवा विशाल समाचार. गत दिवस पशुपालन तथा डेयरी विकास राज्यमंत्री श्री लखन पटेल ने पशुपालन महाविद्यालय रीवा में आरोग्य एवं नवग्रह नक्षत्र वाटिका का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि आरोग्य एवं नवग्रह नक्षत्र वाटिका जैसे नवाचार पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ भावी पीढ़ी को प्रकृति से जोड़ेंगे। स्वर्गीय प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर पशुपालन महाविद्यालय में नक्षत्र वाटिका का शुभारंभ करके सराहनीय नवाचार किया गया है। स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी सच्चे राष्ट्रभक्त तथा सुशासन के हिमायती थे। उन्होंने देश की राजनीति को शुचिता का पाठ पढ़ाया। अटलजी सभी में समान रूप से लोकप्रिय और सर्वमान्य नेता थे।

 

राज्यमंत्री ने कहा कि पशु चिकित्सा और पशुपालन के क्षेत्र में आयुर्वेदिक ज्ञान का पूरा उपयोग किया जाए। विभाग में शीघ्र ही पशु चिकित्सकों तथा अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। किसान खेती के साथ-साथ पशुपालन को अपनाकर खेती को लाभदायक बना सकता है। खेती के साथ-साथ पशुपालन का भी देश के सकल घरेलू उत्पाद में उल्लेखनीय योगदान है। समारोह की अध्यक्षता करते हुए नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय जबलपुर के कुलगुरू डॉ मनदीप शर्मा ने कहा कि नक्षत्र वाटिका विद्यार्थियों के लिए बहुत उपयोगी है। इसका विकास, स्वास्थ्य, अनुसंधान और जागरूकता केन्द्र के रूप में करें। इथनो वेटनरी मेडिसिन वर्तमान समय की बड़ी आवश्यकता है। हमें इसे अपनाना चाहिए। समारोह में राज्यमंत्री तथा कुलगुरू ने पर्यावरण संरक्षण के लिए महाविद्यालय परिसर में पौधे रोपित किए। समारोह में विशिष्ट अतिथि श्री भोलानाथ जी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। समारोह में डीन पशु चिकित्सा महाविद्यालय डॉ अजीत प्रताप सिंह, डॉ अर्पिता श्रीवास्तव, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button