
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ, 18 वर्ष पूर्ण युवाओं से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील
विशाल समाचार संवाददाता
इटावा : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अहर्ता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ कर्म क्षेत्र महाविद्यालय में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिन युवाओं की आयु 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनका नाम मतदाता सूची के आलेख प्रकाशन में अवश्य शामिल होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि मतदाता बनने के लिए व्यक्ति का भारत का नागरिक होना तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशन में मतदाता पंजीकरण हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। सभी पात्र युवाओं से फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की अपील की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी बताया कि मतदाता पहचान पत्र एवं आधार कार्ड दोनों आवश्यक दस्तावेज हैं। कार्यक्रम के दौरान 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं को फॉर्म-6 उपलब्ध कराए गए, ताकि वे शीघ्र पंजीकरण कर सकें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी सदर विक्रम सिंह राघव, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. महेंद्र सिंह, तहसीलदार सदर राजकुमार सिंह, संस्कृति एवं पर्यटन अधिकारी मोहित सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

