
रोगी कल्याण समिति की बैठक में विद्युत व्यवस्था से जुड़े कार्यों को दी गई मंजूरी
स्वीकृत निर्माण कार्य समय पर पूरा कराएं – कलेक्टर
रीवा विशाल समाचार. कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में जिला रोगी कल्याण समिति की कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि रोगी कल्याण समिति की हर महीने बैठक आयोजित करें। जिला अस्पताल में साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य आवश्यकताओं से जुड़े कार्य तत्काल कराएं। नए ओपीडी भवन के सुचारू संचालन के लिए अधोसंरचना विकास के कार्य कराएं। जननी सुरक्षा योजना में हितग्राहियों को भुगतान की गई राशि का रोगी कल्याण समिति में समायोजन कराएं। ऑपरेशन थियेटर तथा एसएनसीयू में बिजली की बैकअप व्यवस्था के लिए बिजली की लाइनों में सुधार और जनरेटर से जुड़े कार्य तत्काल कराएं। इसके लिए तीन लाख रुपए की स्वीकृति दी जाती है।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं से जुड़े अति आवश्यक कार्य रोगी कल्याण समिति से कराएं। नए ओपीडी भवन के लिए सुरक्षाकर्मी तथा सफाईकर्मियों की तैनाती संचालनालय से स्वीकृति लेकर करें। रोगी कल्याण समिति की राशि का मितव्ययिता से उपयोग करें। बैठक में सिविल सर्जन डॉ प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि रोगी कल्याण समिति के पास एक करोड़ 49 लाख 90 हजार रुपए कुल राशि उपलब्ध हुई। इसमें से 99 लाख 56 हजार रुपए व्यय किए जा चुके हैं। जिला अस्पताल में एसएनसीयू तथा ऑपरेशन थियेटर में बिजली की आपूर्ति के लिए तीन लाख रुपए के कार्यों की आवश्यकता है। नए ओपीडी भवन में एयर कंडीशनर तथा अन्य उपकरण लगाने के लिए भी तीन लाख रुपए व्यय किए जाने हैं। जिला अस्पताल में 33 केव्ही के विद्युत सबस्टेशन में सुधार कार्य के लिए 43.12 लाख रुपए की मंजूरी मिली है। यह कार्य लोक निर्माण विभाग की विद्युत यांत्रिकी शाखा से कराया जा रहा है। चिकित्सालय में रंगाई, पुताई, पानी तथा बिजली की आपूर्ति एवं अन्य सुधार कार्यों में 20 लाख रुपए का व्यय प्रस्तावित है। अस्पताल की दो नई विंग में 6 सुरक्षाकर्मी तथा 15 सफाईकर्मियों की आवश्यकता है। इसका प्रस्ताव संचालनालय को भेजा गया है। बैठक में समिति ने आय और व्यय के प्रस्तावों को मंजूरी दी। बैठक में डॉ शकुंतला पाण्डेय, कार्यपालन यंत्री इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिकल आरपी सिंह तथा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

