
कलेक्टर ने ज्ञानोदय विद्यालय का किया आकस्मिक निरीक्षण
विद्यालय एवं छात्रावास में साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं दुरूस्त रखने के दिए निर्देश
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से किया संवाद
रीवा विशाल समाचार. कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित ज्ञानोदय विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में संचालित कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पढ़ाए जाने वाले पाठ्यक्रम की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से पूछा कि वह पढ़-लिखकर क्या बनना चाहते हैं। विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ बताया कि हम डॉक्टर बनना चाहते हैं। किसी ने एनडीए पास कर देश सेवा करने की बात कही, तो किसी ने पुलिस विभाग में जाकर सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने के बारे में कहा। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से कहा कि पूरे लगन के साथ लक्ष्य लेकर विद्या अध्ययन करें। अपनी विषय की किताबों का गंभीरता से अध्ययन कर अच्छे नम्बरों से पास होकर अपने संकल्प को प्राप्त करें। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से प्रयोगशाला में कार्य करने तथा स्मार्ट क्लास के माध्यम से शिक्षा ग्रहण करने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय भवन एवं छात्रावास में साफ-सफाई सहित अन्य सभी व्यवस्थाएं दुरूस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अनुपस्थित शिक्षकों के विरूद्ध कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। कलेक्टर ने बालक एवं बालिका छात्रावासों में बच्चों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने दोनों छात्रावासों में गरम पानी के लिए गीजर की व्यवस्था कराने तथा रोटी मेकर लगाए जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने छात्रावास के स्टोर में खाद्य सामग्री का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम डॉ अनुराग तिवारी, जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग रूचि तिवारी, नायब तहसीलदार यतीश शुक्ला सहित विद्यालय के प्राचार्य उपस्थित रहे।


