इटावा

विधायक शिवपाल सिंह यादव ने प्रेरणा स्थल सहित कई विकास कार्यों का किया उद्घाटन

विधायक शिवपाल सिंह यादव ने प्रेरणा स्थल सहित कई विकास कार्यों का किया उद्घाटन

इटावा/जसवन्तनगर विशाल समाचार 

जसवंतनगर में विधायक शिवपाल सिंह यादव ने ब्लॉक परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रेरणा कैंटीन सहित कई महत्वपूर्ण सुविधाओं का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख कक्ष, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) कक्ष, सचिव एवं तकनीकी सहायक कक्ष का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही विभिन्न निर्माण कार्यों के शिलालेखों का लोकार्पण किया गया तथा प्रेरणा स्थल पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं का अनावरण भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शिवपाल सिंह यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में संविधान और लोकतंत्र पर लगातार प्रहार किया जा रहा है तथा भाजपा सरकार संवैधानिक, कानूनी और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान नहीं कर रही है।

उन्होंने आउटसोर्सिंग नौकरियों में हो रही अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कागजों में कर्मचारियों का वेतन 14 हजार रुपये दर्शाया जाता है, जबकि वास्तव में उन्हें मात्र 8 हजार रुपये ही मिलते हैं। उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी चरम पर है, महंगाई बढ़ रही है और आम जनता कर्ज के बोझ तले दबती जा रही है। साथ ही उन्होंने प्राइमरी स्कूलों को बंद किए जाने पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे विकास के दावे खोखले साबित हो रहे हैं।

प्रेरणा स्थल की सराहना करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने इसे सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का सशक्त प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि ब्लॉक प्रमुख डॉ. अंजली यादव एवं उनके प्रतिनिधि अनुज मोंटी यादव द्वारा विभिन्न जातियों और वर्गों के महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित कर समाज में भेदभाव मिटाने का सराहनीय कार्य किया गया है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक है।

इस अवसर पर बदायूं के सांसद आदित्य अंकुर यादव ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार झूठ और भ्रम फैलाकर सत्ता में बनी हुई है। समाज का हर वर्ग परेशान है और सरकार नफरत की राजनीति के सहारे शासन कर रही है।

सांसद अंकुर यादव ने प्रेरणा स्थल को सभी जातियों और वर्गों का साझा मंच बताया। उन्होंने बताया कि यहां संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर, वीरांगना अवंती बाई लोधी, नेताजी मुलायम सिंह यादव, भगवान गौतम बुद्ध और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जो सामाजिक एकता और समरसता का मजबूत संदेश देती हैं।

कार्यक्रम में मंच पर शिवपाल सिंह यादव, आदित्य अंकुर यादव, प्रो. बृजेश चंद यादव, ब्लॉक प्रमुख डॉ. अंजली यादव, उनके प्रतिनिधि अनुज मोंटी यादव, बबलू शाक्य, विश्वनाथ प्रताप सिंह, सोनू यादव, गोपीनाथ पाराशर, उदयवीर सिंह जाटव, रामदुलारे राजपूत, सोहनलाल राजपूत, आशीष राजपूत, भारत सिंह जाटव, श्याम बहादुर धनगर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button