
क्षेत्र पंचायत बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, लंबित योजनाएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश
विशाल समाचार इटावा
जसवंतनगर ब्लॉक सभागार में क्षेत्र पंचायत की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख अंजली यादव ने की, जबकि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में संचालित एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा करना तथा लंबित योजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देना रहा। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि जिन विकास कार्यों का भुगतान या कार्य अब तक लंबित है, उनकी पूरी जानकारी ग्राम प्रधान एवं बीडीसी सदस्य प्रार्थना पत्र के माध्यम से तत्काल उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान कार्यकाल का समय सीमित है और आगामी चुनाव को देखते हुए अधूरे विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा करना आवश्यक है। विधायक ने आश्वासन दिया कि जहां भी बजट की समस्या आ रही है, वहां वह स्वयं प्रयास कर शीघ्र समाधान कराएंगे।
ब्लॉक प्रमुख अंजली यादव ने कहा कि जिन ग्राम प्रधानों और बीडीसी सदस्यों ने अपने विकास प्रस्ताव तैयार कर लिए हैं, वे उन्हें तुरंत ब्लॉक प्रमुख कार्यालय में जमा करें। जिनके प्रस्ताव अभी तैयार नहीं हैं, वे शीघ्र अपने प्रस्ताव प्रस्तुत करें, ताकि समय रहते स्वीकृति दिलाकर विकास कार्य पूरे कराए जा सकें।
बैठक में बदायूं सांसद आदित्य अंकुर यादव, डॉ. बृजेश यादव, अनुज मोंटी यादव, विश्वनाथ प्रताप सिंह यादव, खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार, एडीओ पंचायत देवेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
