समृद्धि यात्रा के दौरान सीतामढ़ी–शिवहर की विकास योजनाओं की समीक्षा
पटना, विशाल समाचार
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के दौरान सीतामढ़ी एवं शिवहर जिलों से संबंधित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। यह समीक्षा बैठक सीतामढ़ी के हित नारायण उच्च विद्यालय, चंदौली तथा शिवहर के किसान भवन में आयोजित की गई।
मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान स्वीकृत विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को इनका सीधा लाभ मिल सके।
समीक्षा बैठक में सीतामढ़ी के जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय एवं शिवहर की जिलाधिकारी सुश्री प्रतिमा रानी ने सात निश्चय-1, सात निश्चय-2 एवं सात निश्चय-3 से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। साथ ही जिले में संचालित अन्य विकास कार्यों की स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा जनहित में किए गए कार्यों को जनता तक पहुंचाना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और रोजगार के अवसर बढ़ाना है। इसके लिए राज्य में उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को विभिन्न प्रकार की सुविधाएं और प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि बिहार को देश के विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल किया जा सके।
समीक्षा बैठक में जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, मुख्य सचिव श्री दीपक कुमार, विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार सहित दोनों जिलों के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।



