कलेक्टर ने गणतंत्र दिवस समारोह के लिए अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
मऊगंज विशाल समाचार. मऊगंज जिले में आगामी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह पूर्वक मनाया जाएगा। जिला स्तरीय समारोह कलेक्ट्रेट परिसर में सुबह 9 बजे से आयोजित किया जाएगा जिसमें मुख्य अतिथि द्वारा ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली जाएगी। कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन ने गणतंत्र दिवस समारोह के लिए अधिकारियों को दायित्व सौंपे हैं। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां प्रदान की गई हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था एवं निगरानी की जिम्मेदारी एसडीम हनुमना रश्मि चतुर्वेदी, जिला परियोजना समन्वयक राजेश तिवारी तथा तहसीलदार हनुमना शिवम गौतम को सौंपी गई है। मंच, माइक, जनरेटर एवं विद्युत व्यवस्था की निगरानी नगर पंचायत के उपयंत्री अविनाश सिंह को दी गई है। गणमान्य नागरिकों के लिए बैठक व्यवस्था तहसीलदार मऊगंज बीके पटेल द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम में बच्चों को मिष्ठान वितरण की जिम्मेदारी अनिल कुमार गुप्ता कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को सौंपी गई है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व शहीद परिवारों के लिए बैठक व्यवस्था तहसीलदार नईगढ़ी सुनील द्विवेदी सुनिश्चित करेंगे। मंच स्थल पर पुरस्कार वितरण की व्यवस्था की जिम्मेदारी नायब तहसीलदार नईगढ़ी को दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार वाटर प्रूफ टेंट, कुर्सियां, टेबल, सफाई एवं पेयजल की व्यवस्था महेश पटेल नगर परिषद मऊगंज द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम में बच्चों को मंच तक पहुंचाने की व्यवस्था राजेश श्रीवास्तव लोक निर्माण विभाग के अनुविभागीय अधिकारी को सौंपी गई है। परेड ग्राउंड पर छात्रों की उपस्थिति एवं बैठने की व्यवस्था शत्रुघ्न प्रसाद मिश्रा विकास खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा की जाएगी। वाहन पार्किंग एवं सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी श्रीमती सचि पाठक अनुविभागीय अधिकारी पुलिस को दी गई है। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी कार्यक्रम स्थल में से एक घंटे पूर्व उपस्थित होकर आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करें तथा कार्यक्रम समाप्ति तक स्वयं उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित करें।



