लाड़की बहिण योजना के लिए पिछड़ा वर्ग का फंड नहीं दिया जाए : राहुल डंबाले
पुणे विशाल सिंह : राज्य सरकार की मुख्यमंत्री लाड़की बहिण योजना के लिए अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित लगभग 393 करोड़ रुपये की राशि का हस्तांतरण किया जाना अन्यायपूर्ण है। सरकार को ऐसा निर्णय नहीं लेना चाहिए, यह मांग रिपब्लिकन सोशलिस्ट पार्टी के नेता राहुल डंबाले ने की है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय विभाग द्वारा 20 जनवरी को जारी शासन निर्णय के अनुसार, अनुसूचित जातियों के लिए निर्धारित 393.25 करोड़ रुपये की बड़ी राशि को मुख्यमंत्री लाड़की बहिण योजना में स्थानांतरित करने का फैसला लिया गया है, जो चौंकाने वाला और आपत्तिजनक है।
राहुल डंबाले ने स्पष्ट किया कि अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षित फंड का उपयोग किसी अन्य सामान्य योजना में नहीं किया जा सकता, इसलिए सरकार का यह कदम कानूनी रूप से भी गलत है।
मुख्यमंत्री और आयोग से की गई शिकायत
इस मामले को लेकर रिपब्लिकन सोशलिस्ट पार्टी ने राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्र एवं राज्य अनुसूचित जाति आयोग के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
डंबाले ने कहा कि एक ओर सरकार अनुसूचित जाति वर्ग के लिए चल रही छात्रवृत्ति, आवास, शिक्षा और अन्य कल्याणकारी योजनाओं में कटौती कर रही है, वहीं दूसरी ओर इस तरह से आरक्षित धनराशि का स्थानांतरण करना सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि अनुसूचित जातियों के अधिकारों और उनके लिए निर्धारित बजट की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।



