
कौशल विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित, रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण पर दिया गया जोर
इटावा, विशाल समाचार संवाददाता
जनपद में कौशल विकास हेतु संचालित विभिन्न कौशल प्रशिक्षण योजनाओं की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित स्टेट स्किल फंड योजना, प्रोजेक्ट प्रवीण, दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, जिला उद्योग विभाग द्वारा संचालित ओडीओपी, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना तथा आरसेटी द्वारा संचालित स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि छात्रों की रुचि के अनुरूप ही कोर्स का चयन किया जाए, ताकि प्रशिक्षण के बाद उन्हें रोजगार प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण देने वाले इंस्ट्रक्टर उच्च स्तर के एवं दक्ष होने चाहिए। साथ ही जीरो पॉवर्टी श्रेणी के लाभार्थियों को प्राथमिकता देते हुए सही चयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जीरो पॉवर्टी कार्यक्रम के अंतर्गत जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य किया जाए तथा अधिक से अधिक पात्र युवाओं के आवेदन भरवाए जाएं। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाए।
प्रोजेक्ट प्रवीण के अंतर्गत कंप्यूटर प्रशिक्षण पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि छात्रों को एमएस एक्सेल, वर्ड, पावरप्वाइंट एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाए। साथ ही माध्यमिक शिक्षा के इच्छुक छात्रों को प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, जिला उद्योग विभाग की योजनाएं तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को ही प्रशिक्षण दिया जाए। बताया गया कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत 975 लक्ष्य के सापेक्ष 675 लाभार्थियों का चयन किया गया है, जिनमें से 150 को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण कार्य को गति दी जाए तथा गांव-गांव जाकर लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग लाभ उठा सकें। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के आवेदनों का सत्यापन कराकर प्रधानों के माध्यम से सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, जिला सेवायोजन अधिकारी, उपायुक्त उद्योग सुधीर कुमार, समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


