विशेष ग्राम सभाओं का होगा आयोजन आज से
मऊगंज विशाल समाचार. मऊगंज जिले में आगामी गणतंत्र दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का चरणबद्ध आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने बताया कि जिले में 24 जनवरी से 28 जनवरी तक ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जा रही हैं। इसके लिए नोडल अधिकारी तैनात कर दिए गए हैं। विशेष ग्राम सभाओं में संकल्प से समाधान अभियान की प्रगति की जानकारी आमजनता को दी जाएगी। ग्राम सभा में पंचायत की आय बढ़ाने, ई कोर्ट की स्थापना, नलजल योजनाओं की प्रगति तथा पेयजल व्यवस्था, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा नवकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के संबंध में प्रस्ताव रखे जाएंगे।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि विशेष ग्राम सभा में स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना, एक बगिया माँ के नाम योजना, जॉब कार्ड अपडेशन, महिला स्वसहायता समूहों की प्रगति तथा जल संरक्षण के कार्यों के संबंध में प्रस्ताव रखे जाएंगे। ग्राम सभा में पशुपालन विभाग की क्षीरधारा ग्राम योजना, वृंदावन ग्राम योजना तथा कृषि विभाग की धरती माता बचाओ अभियान के संबंध में चर्चा की जाएगी। विशेष ग्राम सभा में गर्भवती महिलाओं के पंजीयन तथा जाँच, महिलाओं में एनीमिया रोकने के प्रयासों, शिशुओं की स्वास्थ्य रक्षा, ग्राम स्वास्थ्य पोषण एवं स्वच्छता दिवस पर चर्चा की जाएगी। जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सभी ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध ढंग से ग्राम सभाओं का आयोजन कराकर नोडल अधिकारी के माध्यम से प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।
