सीतामढ़ी

वसंत पंचमी महोत्सव–2026 के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का जिलाधिकारी एवं माननीय जनप्रतिनिधियों ने किया शुभारंभ

वसंत पंचमी महोत्सव–2026 के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का जिलाधिकारी एवं माननीय जनप्रतिनिधियों ने किया शुभारंभ

विशाल समाचार संवाददाता 

कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में वसंत पंचमी महोत्सव–2026 के अवसर पर स्थानीय डुमरा क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी सीतामढ़ी श्री रिची पांडेय, माननीय विधायक रीगा श्री बैधनाथ प्रसाद, माननीया विधायक परिहार श्रीमती गायत्री देवी, एमएलसी श्रीमती रेखा कुमारी,माननीय विधायक सीतामढ़ी श्री सुनील कुमार पिंटू एवं पूर्व विधायक श्री रामनरेश यादव के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री संजीव कुमार, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) श्री राहुल कुमार, सामान्य शाखा प्रभारी पदाधिकारी श्री मो० इस्लाम, डीपीआरओ कमल सिंह,जिला कल्याण पदाधिकारी श्री सुभाष चंद्र राजकुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी श्री आयुष कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, जिले के गणमान्य नागरिक, कलाकार एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने वसंत पंचमी के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा—

“वसंत पंचमी ज्ञान, संगीत और कला की देवी मां सरस्वती की आराधना का पर्व है। इस तरह के सांस्कृतिक महोत्सव हमारी समृद्ध परंपराओं को संरक्षित करने के साथ-साथ समाज को आपस में जोड़ने का कार्य करते हैं। यह पर्व नई ऊर्जा, रचनात्मकता और सकारात्मक सोच का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि वसंत पंचमी विशेष रूप से शिक्षा, कला और संगीत के क्षेत्र में उन्नति एवं सफलता का प्रतीक मानी जाती है तथा यह वसंत ऋतु के आगमन के साथ प्रकृति में नवजीवन का संदेश देती है।

 

वहीं सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से अपने वक्तव्य में कहा

“वसंत पंचमी महोत्सव जैसे आयोजन हमारी लोक-संस्कृति, कला और युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ती है। जिला प्रशासन एवं कला संस्कृति विभाग द्वारा किया गया यह प्रयास सराहनीय है, जो सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करता है।”

महोत्सव के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत अपर समाहर्ता श्री संजीव कुमार द्वारा आगत अतिथियों के स्वागत से हुई। इसके पश्चात प्रियंका कुमारी एवं ओ-ग्रुप के द्वारा भावपूर्ण बिहार गीत की प्रस्तुति दी गई, जिसने श्रोताओं में क्षेत्रीय गौरव की भावना जागृत की।

इसके बाद संगीत शिक्षक श्री राहुल राजा के द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। जिले की प्रसिद्ध कलाकार के० जी० रानी के द्वारा सुगम संगीत के अंतर्गत प्रस्तुत भजन ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। इसके अलावा अन्य स्थानीय कलाकारों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा लोकनृत्य, देशभक्ति गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी रंगारंग बना दिया।

 

पूरे सांस्कृतिक कार्यक्रम का सफल मंच संचालन जिले के मशहूर एंकर सह वरीय शिक्षक श्री एस० एन० झा के द्वारा किया गया, जिनकी सशक्त और प्रभावशाली प्रस्तुति ने कार्यक्रम को अनुशासित एवं आकर्षक बनाए रखा।

कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों ने कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन जिले की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जाते हैं और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button