इटावाउत्तर प्रदेश

इटावा में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, अतिक्रमण हटाने और दुर्घटनाएं रोकने के दिए निर्देश

इटावा में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, अतिक्रमण हटाने और दुर्घटनाएं रोकने के दिए निर्देश

रिपोर्ट: विशाल समाचार संवाददाता 

स्थान इटावा , उत्तर प्रदेश

दिनांक: 01 फरवरी 2026

माननीय लोकसभा सांसद की उपस्थिति में सड़क सुरक्षा समिति, जिला सड़क सुरक्षा समिति, जिला विद्यालय यान परिवहन सड़क सुरक्षा समिति की संयुक्त बैठक एवं राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह जनवरी 2026 के समापन समारोह का आयोजन कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने की।

बैठक में जिलाधिकारी ने जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जहां-जहां अतिक्रमण है, उसे तत्काल हटाया जाए। सर्विस लेन से अतिक्रमण हटाने, सरकारी सड़कों पर पड़ी सामग्री को जब्त करने तथा हाईवे पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने शहर में ज़ेब्रा क्रॉसिंग चिन्हित स्थानों पर बनाए जाने, आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाने तथा भरथना बाईपास पर बसों के ठहराव के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जसवंतनगर से कचौरा रोड, सैफई से कानपुर मार्ग पर स्थित नाले, बसरेहर से चौपला मार्ग तथा मंडी के सामने सड़क पर हो रहे अतिक्रमण को दुर्घटना संभावित क्षेत्र बताते हुए शीघ्र सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।

विद्यालयों की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि छात्र-छात्राओं द्वारा दोपहिया वाहन स्कूल लाने पर सख्त रोक लगाई जाए। बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन लाने पर कार्रवाई करने, छात्रों एवं उनके अभिभावकों को पेरेंट्स मीटिंग के माध्यम से जागरूक करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्कूल वाहन चालकों की मेडिकल जांच एवं वाहनों की फिटनेस जांच अनिवार्य रूप से कराने को कहा गया।

रोडवेज व्यवस्था को लेकर एआरएम रोडवेज को निर्देश दिया गया कि बसों के आने-जाने का मार्ग अलग-अलग सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि इटावा शहर में वन-वे व्यवस्था का ट्रायल एक माह तक जारी रहेगा और इसके लिए निर्धारित मैप के अनुसार यातायात संचालन किया जाएगा।

बैठक के अंत में सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर सीमा श्रीवास्तव को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया तथा राहवीर योजना के अंतर्गत अवनीश दुबे को सम्मानित किया गया।

बैठक में माननीय सांसद प्रतिनिधि, अपर पुलिस अधीक्षक अभय नाथ त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर, क्षेत्राधिकारी रामगोपाल शर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद संतोष कुमार मिश्रा, एआरटीओ प्रदीप कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह सहित एनएच, पीडब्ल्यूडी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button