पूणेमहाराष्ट्र

सड़क सुरक्षा जनजागरूकता व प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

सड़क सुरक्षा जनजागरूकता व प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

सतत विकास लक्ष्य के तहत 50 प्रतिशत मौतें कम करने पर जोर

रिपोर्ट विशाल समाचार संवाददाता

स्थान: पुणे महाराष्ट्र

दिनांक:02 फरवरी 2026

पुणे: सड़क दुर्घटनाओं की संख्या कम करने के साथ-साथ नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित सड़क उपयोग की संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से ‘सड़क सुरक्षा जनजागरूकता एवं प्रशिक्षण’ कार्यक्रम हाल ही में पुणे में संपन्न हुआ। वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों के तहत सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को 50 प्रतिशत तक कम करने की दिशा में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा आयोजित ऐसे उपक्रमों को महत्वपूर्ण बताया गया।

इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त मनोज पाटील, यातायात शाखा के उपायुक्त हिम्मत जाधव, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक संजय कदम सहित अन्य अधिकारी, राजमार्ग परियोजनाओं से जुड़े ठेकेदार, अभियंता, सुरक्षा अधिकारी तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। इसमें यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने, गति सीमा का ध्यान रखने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा दुर्घटनाग्रस्तों को त्वरित सहायता देने की जिम्मेदारी लेने का संकल्प किया गया। इस पहल से सड़क सुरक्षा को लेकर व्यक्तिगत जिम्मेदारी की भावना विकसित होने और समाज में सुरक्षित यातायात का संदेश प्रभावी रूप से पहुंचने में मदद मिलेगी, ऐसा मत व्यक्त किया गया। साथ ही वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की गई।

कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा एवं सेफ्टी ऑडिट, सड़क किनारे मौजूद खतरों का प्रबंधन, वाहन दुर्घटना रोकथाम संरचनाएं तथा ‘रोडसाइड फर्नीचर’ जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन किया। केंद्रीय सड़क परिवहन संस्थान, सेफ्टी फर्स्ट (नई दिल्ली) और 3एम इंडिया लिमिटेड के विशेषज्ञों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से उदाहरणों सहित जानकारी दी।

“रोड सेफ्टी में गोल्डन आवर्स” सत्र के अंतर्गत दुर्घटना के बाद त्वरित बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार और अग्निशमन से जुड़ी जानकारी का प्रात्यक्षिक प्रदर्शन किया गया। दुर्घटना के बाद के शुरुआती कुछ मिनटों के महत्व को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में उप मुख्यमंत्री अजित पवार को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button