Biharसीतामढ़ी

सीतामढ़ी में PMEGP, PMFME व PM विश्वकर्मा योजनाओं के तहत ऋण वितरण शिविर आयोजित

सीतामढ़ी में PMEGP, PMFME व PM विश्वकर्मा योजनाओं के तहत ऋण वितरण शिविर आयोजित

रिपोर्ट: विशाल समाचार संवाददाता 

स्थान : सीतामढ़ी बिहार

सीतामढ़ी— जिला पदाधिकारी सीतामढ़ी की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में PMEGP, PMFME एवं PM विश्वकर्मा योजनाओं के अंतर्गत ऋण वितरण शिविर/कैम्प का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न बैंकों द्वारा चयनित लाभार्थियों के बीच ऋण स्वीकृति एवं वितरण किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय, उप विकास आयुक्त, उद्योग विभाग से आए संयुक्त निदेशक श्री संजय सिंह, डीपीएम जीविका, वरीय उप समाहर्ता (बैंकिंग), महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र एवं अग्रणी बैंक प्रबंधक द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

PMEGP योजना के अंतर्गत 12 आवेदकों को 112.00 लाख रुपये की ऋण स्वीकृति दी गई, जिसमें से 11.65 लाख रुपये का वितरण किया गया।

PMFME योजना में 15 आवेदकों को 67.12 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई, जिसमें 36.38 लाख रुपये का वितरण किया गया।

PM विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत 02 आवेदकों को कुल 02 लाख रुपये की ऋण स्वीकृति दी गई।

जिला पदाधिकारी ने ऋण प्राप्त लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्राप्त ऋण का सदुपयोग कर स्वरोजगार स्थापित करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन की ओर से ऋण वितरण में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

जिला पदाधिकारी ने अग्रणी बैंक प्रबंधक एवं सभी बैंकों को निर्देश दिया कि फरवरी 2026 के अंत तक निर्धारित भौतिक लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत ऋण स्वीकृति एवं भुगतान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने वरीय उप समाहर्ता (बैंकिंग) एवं महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जो बैंक ऋण स्वीकृति एवं भुगतान में कोताही बरत रहे हैं या शिविर में अनुपस्थित रहे हैं, उनके विरुद्ध वरीय पदाधिकारी को पत्र भेजते हुए उच्च स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिला पदाधिकारी ने सभी बैंक प्रतिनिधियों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि जनकल्याणकारी योजनाओं को निर्बाध एवं सतत रूप से धरातल पर लागू करें, अन्यथा खराब प्रदर्शन करने वाले शाखा प्रबंधकों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई एवं प्रोन्नति अवरुद्ध करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। साथ ही डीपीएम जीविका को निर्देश दिया गया कि मंद प्रदर्शन करने वाले बैंकों को चिन्हित कर राशि का स्थानांतरण बेहतर प्रदर्शन करने वाले बैंकों में किया जाए।

उन्होंने कहा कि सीतामढ़ी जिला आकांक्षी जिलों की सूची में निचले पायदान पर है और बैंकों की निष्क्रियता जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति में बाधा उत्पन्न कर रही है।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने भी वित्तीय वर्ष की समाप्ति को देखते हुए सभी बैंकों को शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया। साथ ही PM विश्वकर्मा योजना के तहत 11 एवं 18 फरवरी 2026 को जिला उद्योग केन्द्र में विशेष कैम्प आयोजित करने का निर्देश दिया गया।

शिविर में उप विकास आयुक्त, संयुक्त निदेशक, वरीय उप समाहर्ता (बैंकिंग), महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र, अग्रणी बैंक प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक/प्रतिनिधि, जिला उद्योग केन्द्र के पदाधिकारी-कर्मचारी, जिला संसाधन सेवी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button