
तहसील भरथना में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 26 शिकायतें प्राप्त
रिपोर्ट :विशाल समाचार संवाददाता
स्थान: भरथान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में तहसील भरथना में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी संबंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनते हुए समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रकरणों की गंभीरता से जांच कर जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। साथ ही गांव भ्रमण के दौरान विभागीय योजनाओं का मौके पर सत्यापन करने एवं लाभार्थियों से फीडबैक लेने पर जोर दिया।
संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न संदर्भों से संबंधित कुल 26 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 04 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस दौरान सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित रहीं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि एक सप्ताह से अधिक लंबित प्रकरणों में विलंब के कारण का उल्लेख किया जाए तथा सभी मामलों का निस्तारण अनिवार्य रूप से एक सप्ताह के भीतर किया जाए।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई की। उन्होंने थानाध्यक्षों को प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर कार्यवाही करने के निर्देश दिए तथा कहा कि निस्तारण के उपरांत शिकायतकर्ताओं से फीडबैक भी लिया जाए, ताकि समाधान की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी काव्य सी., क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।


