
इटावा में प्रस्तावित साइबर थाने की भूमि का विधि-विधान से हुआ पूजन
रिपोर्ट : विशाल समाचार संवाददाता
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, : जनपद में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए इटावा पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रस्तावित साइबर थाने की भूमि का विधि-विधान से पूजन किया गया।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के अन्य अधिकारीगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। भूमि पूजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ साइबर थाने के निर्माण कार्य के शीघ्र एवं सफल समापन की कामना की गई।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आधुनिक तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में अलग से साइबर थाना स्थापित होने से आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण संभव हो सकेगा। उन्होंने बताया कि इस साइबर थाने में प्रशिक्षित पुलिसकर्मी एवं तकनीकी विशेषज्ञ नियुक्त किए जाएंगे, जिससे ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया अपराध, बैंकिंग फ्रॉड सहित अन्य साइबर अपराधों के मामलों में प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।
साइबर थाने की स्थापना से जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी।


