इटावाउत्तर प्रदेशप्रशासन

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित

रिपोर्ट:  विशाल समाचार संवाददाता

स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश

इटावा। अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में पहले से विद्यमान हैं और वे अपना नाम किसी अन्य स्थान पर दर्ज कराना चाहते हैं, वे फॉर्म-6 के स्थान पर फॉर्म-08 भरकर स्थानांतरण कराएं। उन्होंने बताया कि जनपद में नो मैपिंग मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जिनकी जनसुनवाई 21 जनवरी 2026 से चल रही है तथा आयोग के निर्देशानुसार लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी के नोटिस भी जनरेट किए जाने प्रारंभ कर दिए गए हैं।

उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट के माध्यम से इस कार्य में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने बताया कि लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी में तीन अभिलेख लगाए जाने हैं तथा बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सुनवाई की जाएगी। आयोग के निर्देशानुसार आवेदक के आधार कार्ड एवं पैन कार्ड को भी मान्य किया गया है, जिसका सत्यापन एईआरओ द्वारा किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नो मैपिंग मामलों में आवेदक के मार्कशीट, पासपोर्ट, जन्म प्रमाण पत्र एवं जाति प्रमाण पत्र मान्य होंगे। बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर नोटिस दिए जाएंगे तथा आवेदक के फोटो सहित आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। उन्होंने गांव-गांव में कैंप लगाकर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि किसी भी मतदाता का नाम बिना सुनवाई के नहीं काटा जाएगा। विदेश में निवासरत मतदाता, जिन्हें वहां की नागरिकता प्राप्त हो चुकी है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं। सुनवाई की प्रक्रिया 27 मार्च तक जारी रहेगी।

बैठक के दौरान उप जिलाधिकारी न्यायिक दीप शिखा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button