
इटावा में वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का आयोजन, जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, : उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, इटावा द्वारा विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया।
निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, बच्चों, महिलाओं, निर्धन वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तथा अनुसूचित जनजातियों के लिए सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभार्थियों के चिन्हांकन एवं प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इस दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की बालिकाओं ने सरस्वती व स्वागत गीत प्रस्तुत किया तथा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक संदेश दिए।
जनपद न्यायाधीश रजत सिंह जैन ने अपने संबोधन में कहा कि 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए निःशुल्क शिक्षा अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि शिक्षा के अधिकार को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा मौलिक अधिकारों से जोड़ा गया है। साथ ही निशुल्क कानूनी सलाह एवं वकील की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बालक-बालिका में भेदभाव न करने एवं महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया।
जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित यह शिविर जागरूकता एवं सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बताया कि जनपद में शिक्षा विभाग द्वारा 1865 बच्चों का नामांकन कराया गया है। साथ ही सैफई मेडिकल कॉलेज में बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर का निःशुल्क टीकाकरण किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में आपदा पीड़ितों को निःशुल्क विधिक सहायता तथा लोक अदालत के माध्यम से लाभ लेने की जानकारी भी प्रदान की गई। दिव्यांगजन विभाग द्वारा ट्राईसाइकिल सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, पीठासीन अधिकारी एनएसीटी रामचन्द्र यादव, अपर जिला जज आलोक कुमार, एडीजे द्वितीय संजय कुमार, उमेश यादव, आरती द्विवेदी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, अधिवक्ता एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।



