
साइबर सुरक्षा के उन्नत प्रशिक्षण पाठ्यक्रम हेतु सूर्यभारत ग्रुप और ‘माइल टू’ के बीच एमओयू
‘सूर्यदत्त’ में महाराष्ट्र का पहला अधिकृत प्रशिक्षण केंद्र; 9 व 10 मार्च को हैकफेस्ट
पुणे: बढ़ते साइबर अपराधों के खतरे को देखते हुए साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण को सशक्त बनाने के उद्देश्य से सूर्यभारत ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज द्वारा संचालित सूर्यभारत ग्लोबल प्रोफेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन और अमेरिका स्थित माइल टू के बीच शैक्षणिक सामंजस्य करार (एमओयू) किया गया है। इस करार के तहत ‘सूर्यदत्त मिशन – साइबर फॉर ऑल’ पहल के माध्यम से बेसिक से लेकर एडवांस स्तर तक साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
यह जानकारी ‘सूर्यदत्त’ के संस्थापक अध्यक्ष प्रा. डॉ. संजय बी. चोरडिया ने पत्रकार परिषद में दी। डेक्कन स्थित पीवाईसी जिमखाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में साइबर सुरक्षा एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की घोषणा की गई। इस अवसर पर ‘माइल टू’ के प्रमुख डॉ. रेमंड फ्रेडमन (ऑनलाइन) और एशिया हेड अरिंदम पॉल भी उपस्थित रहे।
प्रा. डॉ. चोरडिया ने कहा कि तकनीक के विस्तार के साथ साइबर अपराधों में भी तेजी आई है। ऐसे में जागरूकता और कौशल विकास अत्यंत आवश्यक है। ‘सूर्यदत्त’ के बावधन कैंपस में ग्लोबल साइबर सिक्योरिटी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा, जहां 30 से अधिक पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्रों को उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। किसी भी संकाय का विद्यार्थी प्रवेश परीक्षा के माध्यम से इसमें भाग ले सकेगा। सफल विद्यार्थियों को इंटर्नशिप और प्लेसमेंट सपोर्ट भी उपलब्ध कराया जाएगा।
डॉ. रेमंड फ्रेडमन ने कहा कि मोबाइल और इंटरनेट उपयोग बढ़ने के साथ साइबर फ्रॉड के मामलों में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। स्कूल के छात्रों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी वर्ग इसके शिकार हो रहे हैं। ‘माइल टू’ विश्वभर में विभिन्न सरकारों एवं शैक्षणिक संस्थानों के साथ मिलकर साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण प्रदान कर रही है। पुणे में महाराष्ट्र का पहला अधिकृत प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया जा रहा है।
प्रा. डॉ. मनीषा कुंभार ने बताया कि क्लाउड, डेटा और वेब सुरक्षा के क्षेत्र में कुशल विशेषज्ञों की भारी मांग है, लेकिन प्रशिक्षित मानव संसाधन की कमी बनी हुई है। नए पाठ्यक्रम इस अंतर को कम करने में सहायक होंगे।
अरिंदम पॉल ने बताया कि ‘माइल टू’ वैश्विक स्तर पर 35 पाठ्यक्रम संचालित करती है। भारत में 27 शैक्षणिक संस्थानों के साथ साझेदारी है तथा 28 स्थानों पर प्रशिक्षण भागीदार के रूप में कार्यरत है, जहां 14 प्रकार के साइबर सुरक्षा पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
9 और 10 मार्च को दो दिवसीय हैकफेस्ट
सूर्यभारत ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज और माइल टू के संयुक्त तत्वावधान में 9 व 10 मार्च 2026 को ‘सूर्यदत्त’ के बावधन कैंपस में दो दिवसीय हैकफेस्ट का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं वैश्विक स्तर के साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण का अनुभव मिलेगा। इसका उद्देश्य नवाचार, विश्लेषणात्मक सोच और समस्या समाधान कौशल का विकास करना है।



