
पुणे एकीकृत महानगर परिवहन प्राधिकरण की 19वीं समीक्षा बैठक सम्पन्न
यातायात जाम वाले स्थलों को प्राथमिकता देकर तैयार करें अध्ययन आधारित परियोजना – विभागीय आयुक्त
पुणे: पुणे शहर की यातायात योजनाओं के नियोजन, सुव्यवस्थित संचालन और प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से ‘पुणे एकीकृत महानगर परिवहन प्राधिकरण’ की 19वीं समीक्षा बैठक विभागीय आयुक्त डॉ. चंद्रकांत पुलकुंडवार की अध्यक्षता में विभागीय आयुक्त कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर सर्वाधिक यातायात जाम की समस्या होती है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर अध्ययन आधारित परियोजनाएं तैयार की जाएं।
बैठक में महा मेट्रो के प्रबंध निदेशक श्रावण हर्डीकर (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से), पुणे महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण के आयुक्त डॉ. योगेश म्हसे, अतिरिक्त आयुक्त दीपक सिंगला, पुणे महानगरपालिका के अपर आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. तथा अपर पुलिस आयुक्त मनोज पाटील उपस्थित थे।
डॉ. पुलकुंडवार ने कहा कि पुणे एवं पिंपरी चिंचवड़ शहर में यातायात प्रबंधन को सुचारू बनाने के लिए अधिक जाम वाले क्षेत्रों का विस्तृत सर्वेक्षण किया जाए। यातायात के स्रोत, प्रवाह और दिशा का अध्ययन कर उसी आधार पर परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया जाए।
लोकहित को ध्यान में रखते हुए यातायात परियोजनाओं के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। डॉ. योगेश म्हसे ने सुझाव दिया कि अधिक ट्रैफिक वाले क्षेत्रों में मास्टर टनल विकसित करने पर विचार किया जाए। वहीं श्रावण हर्डीकर ने कहा कि पार्किंग नीति को ध्यान में रखते हुए सुरंगों की संख्या और दिशा निर्धारित की जानी चाहिए।
बैठक में महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास महामंडल, महाराष्ट्र राज्य पायाभूत सुविधा विकास महामंडल, महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल तथा नगररचना, यातायात एवं परिवहन विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।

