
साइबर ठगी के 4 लाख रुपये इटावा पुलिस ने कराए वापस
लोन दिलाने के नाम पर यूपीआई से निकाली गई थी रकम, साइबर क्राइम थाना की त्वरित कार्रवाई
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा,। जनपद में साइबर ठगी के मामलों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए इटावा पुलिस ने एक पीड़ित के शत-प्रतिशत 4 लाख रुपये वापस कराए हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में थाना साइबर क्राइम टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार, ग्राम टाडा, पोस्ट वेर, थाना भरथना निवासी देवेश कुमार ने 7 फरवरी 2026 को थाना साइबर क्राइम में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने लोन दिलाने के नाम पर उनकी पत्नी के खाते से यूपीआई के माध्यम से 4,00,000 रुपये निकाल लिए। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी नगर के मार्गदर्शन में साइबर क्राइम थाना टीम ने विभिन्न तकनीकी माध्यमों से साक्ष्य संकलन किया तथा संबंधित बैंक अधिकारियों और पेमेंट गेटवे के नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया। त्वरित प्रयासों के परिणामस्वरूप 27 फरवरी 2026 को पीड़ित की पूरी 4 लाख रुपये की धनराशि वापस कराई गई।
राशि वापस मिलने पर पीड़ित ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए साइबर क्राइम थाना टीम और इटावा पुलिस का आभार जताया।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार शर्मा, निरीक्षक संजय सिंह, उपनिरीक्षक चंद्र भूषण दुबे, कांस्टेबल अनुज कुमार, सुंदरम सिंह, आदित्य देओल, संदीप सिंह तथा महिला कांस्टेबल मीनाक्षी तोमर शामिल रहीं।
इटावा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन लोन या वित्तीय लेनदेन से पहले पूरी सतर्कता बरतें और संदिग्ध कॉल या लिंक से सावधान रहें। साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में सूचना दें।



