
बोपोडी में कैंसर जांच व HPV टीकाकरण शिविर का उपमहापौर परशुराम वाडेकर ने किया उद्घाटन
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे, महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कैंसर की समय पर पहचान और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से सोमवार (9 मार्च 2026) को बोपोडी स्थित कै. द्रौपदाबाई मुरलीधर खेडेकर प्रसूति गृह एवं अस्पताल में महिलाओं के लिए विशेष कैंसर जांच, सर्वाइकल कैंसर रोकथाम (HPV) टीकाकरण तथा समग्र स्वास्थ्य जांच शिविर का उद्घाटन उपमहापौर परशुराम वाडेकर के हाथों किया गया।
इस अवसर पर स्थानीय नगरसेवक सनी निम्हण, नगरसेविका सपना छाजेड, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीना बोऱाडे, परिमंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक पखाले, डब्ल्यूएचओ के चिकित्सा अधिकारी डॉ. चेतन खाडे, टीकाकरण चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद मखर, चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील आंधळे, क्षेत्रीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रेमलता घाटे, चिकित्सा अधिकारी डॉ. गुणेश बागडे, अस्पताल के अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, आशा सेविकाएं तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी महिलाएं और छात्राएं उपस्थित थीं।
कार्यक्रम की प्रस्तावना में स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीना बोऱाडे ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में HPV टीकाकरण के चिकित्सा और तकनीकी महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज में इस टीकाकरण को लेकर कई तरह की भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं, जिन्हें दूर करना आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे सही जानकारी के आधार पर अपनी बेटियों को HPV टीकाकरण अवश्य करवाएं।

उपमहापौर परशुराम वाडेकर ने अपने संबोधन में कहा कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर विश्वास न करें और विशेषज्ञ डॉक्टरों से सही जानकारी प्राप्त कर किशोरवयीन लड़कियों का HPV टीकाकरण कराएं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए पुणे महानगरपालिका लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि खेडेकर अस्पताल और शेवाळे अस्पताल में अतिरिक्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही है। साथ ही नव्याने निर्मित संजय गांधी भवन में महानगरपालिका के माध्यम से मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल की तर्ज पर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं विकसित करने का भी प्रस्ताव है। आवश्यकता पड़ने पर विभिन्न संस्थाओं के CSR फंड के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा।
इस शिविर में पात्र आयु वर्ग की किशोरवयीन लड़कियों को HPV टीकाकरण किया गया। साथ ही महिलाओं के लिए मुंह, स्तन और गर्भाशय मुख (ओरल, ब्रेस्ट और सर्वाइकल) कैंसर की प्राथमिक जांच की गई।
इसके अलावा नागरिकों के लिए नाम पंजीकरण, ऊंचाई-वजन और BMI मापन, हीमोग्लोबिन जांच, रक्त शर्करा जांच (BSL-R), ABHA और PMJAY कार्ड पंजीकरण, रक्ताल्पता एवं जीवनसत्व की दवाओं का वितरण जैसी विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं और छात्राओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।



