जिला कौशल समिति की बैठक संपन्न
रोजगार एवं कौशल विकास को बढ़ावा देना प्राथमिकता
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्टर संजय कुमार जैन की अध्यक्षता में जिला कौशल समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि बैठक में लिए गए निर्णयों पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। बैठक में पिछले वर्ष आईटीआई छात्रों के प्लेसमेंट का विवरण प्रस्तुत किया गया। प्रमुख कंपनियों में चयनित विद्यार्थियों की संख्या एवं प्लेसमेंट प्रतिशत की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने प्लेसमेंट दर बढ़ाने हेतु प्रभावी रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना, नेशनल अप्रेंटिसिप प्रमोशन स्कीम के तहत निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के लिए अधिक से अधिक औद्योगिक इकाइयों का भ्रमण कर युवाओं को जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में माइनिंग ब्रांच प्रारंभ करने में आ रही समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर इसे जल्द शुरू करने के लिए संबंधित अधिकारियों को हिदायत दी। उन्होंने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 के लक्ष्यों की पूर्ति हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक युवाओं को योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत हितग्राहियों के डाटा, स्वीकृत ऋण, ऋण उपयोग एवं वर्तमान स्थिति की जानकारी संकलित करने के निर्देश भी दिए गए। अप्रेंटिसशिप के अवसरों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री जैन ने स्थानीय उद्योगों के साथ समन्वय बढ़ाने तथा अधिक युवाओं को अप्रेंटिसशिप से जोड़ने की कार्ययोजना के निर्देश दिए। नियमित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित करने, रोजगार एवं अप्रेंटिस मेले नियमित रूप से आयोजित करने तथा निजी कंपनियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। रोजगार मेलों का विस्तार ब्लॉक स्तर तक करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने आधुनिक ट्रेड्स ईवी, सोलर एवं डिजिटल स्किल्स प्रारंभ करने तथा अल्पकालीन कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए। डिजिटल एवं सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई। स्कूल एवं कॉलेज स्तर पर करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित करने, आईटीआई के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा ड्रॉपआउट विद्यार्थियों को पुनः कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक में परियोजना अधिकारी एपी द्विवेदी उप संचालक कृषि ,जिला कौशल समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

