
रसोई गैस और पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त स्टॉक है उपलब्ध
रसोई गैस न होने की दहशत और भ्रामक सूचना न फैलाएं – कलेक्टर
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . मऊगंज जिले में रसोई गैस और पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। एजेंसियों से लोग अपनी जरूरत के हिसाब से रसोई गैस प्राप्त करें। ऑनलाइन बुकिंग करने पर एजेंसियों द्वारा आसानी से रसोई गैस उपलब्ध कराई जा रही है। यह बातें कलेक्टर संजय कुमार जैन ने गैस एजेंसियों के निरीक्षण के दौरान वहाँ मौजूद गैस उपभोक्ताओं से कही। कलेक्टर ने कहा कि देखने में आ रहा है कि लोग रसोई गैस न होने की दहशत और भ्रामक सूचनाओं में पड़कर अधिक से अधिक रसोई गैस के सिलेण्डर प्राप्त करना चाह रहे हैं। गैस प्राप्त करने में लोगों को कोई असुविधा न हो इसके लिए प्रशासन लगातार मानीटरिंग कर रहा है। गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और अवैध भंडारण एवं कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए अधिकारियों द्वारा सघन निरीक्षण और निगरानी की जा रही है। खाद्य विभाग के अधिकारियों को गैस वितरण की व्यवस्था सुगम बनाने के लिए निर्देशित किया गया है। सूचना तंत्र को पुख्ता किया जा रहा है जिससे गैस की जमाखोरी को बढ़ावा न मिले। गैस एजेंसियों के प्रतिदिन के स्टॉक रजिस्टर और भौतिक उपलब्धता का मिलान अनिवार्य रूप से किया जा रहा है। कालाबाजारी की सूचना मिलने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे संबंधित तेल कंपनियों से समन्वय कर सर्वर क्षमता में वृद्धि करवाएं। जिससे “रिफिल बुकिंग, ओटीपी जनरेशन और वितरण की प्रक्रिया में उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए वर्तमान में जिले में रसोई गैस की दो बुकिंग के मध्य 25 दिवस का अंतराल निर्धारित किया गया है। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी भी उपस्थित रहे।

