
वाघोली में 18 से 22 मार्च तक 68वीं महाराष्ट्र केसरी कुश्ती स्पर्धा; विजेता को गदा और फॉर्च्युनर कार*
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
पुणे: महाराष्ट्र की पारंपरिक और अत्यंत प्रतिष्ठित मानी जाने वाली महाराष्ट्र केसरी कुश्ती स्पर्धा का 68वां अधिवेशन इस वर्ष पुणे जिले के वाघोली में आयोजित किया जा रहा है। महाराष्ट्र राज्य कुश्तीगीर संघ की मान्यता से तथा पुणे जिला कृषि उत्पन्न बाजार समिति के संचालक रामकृष्ण सातव पाटील के मार्गदर्शन में यह भव्य प्रतियोगिता 18 से 22 मार्च 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। महाराष्ट्र केसरी के इतिहास में पहली बार इस प्रतियोगिता का आयोजन इतने भव्य और भव्यतम स्वरूप में किया जा रहा है।
महाराष्ट्र केसरी प्रतियोगिता की शुरुआत स्वर्गीय कुश्ती महर्षि मामासाहेब मोहोळ ने महाराष्ट्र राज्य कुश्तीगीर संघ के माध्यम से की थी। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य राज्य के पहलवानों को प्रोत्साहन देकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। पिछले 67 वर्षों से इस प्रतियोगिता का लगातार आयोजन होता आ रहा है और इस वर्ष इसका 68वां अधिवेशन आयोजित किया जा रहा है।
आयोजक
रामकृष्ण सातव पाटील, जो वर्तमान में पुणे जिला कृषि उत्पन्न बाजार समिति के संचालक हैं, इस प्रतियोगिता के मुख्य आयोजक हैं। उन्होंने पूर्व में पुणे जिला नियोजन समिति के सदस्य, वाघोली गांव के उपसरपंच तथा पुलिस पाटील के रूप में भी कार्य किया है। उनके नेतृत्व में इस वर्ष महाराष्ट्र केसरी स्पर्धा का आयोजन अत्यंत भव्य स्तर पर किया जा रहा है।
स्पर्धा का स्थान
यह प्रतियोगिता स्वर्गीय अजितदादा पवार क्रीडानगरी, बाजार मैदान, वाघोली (पुणे) में आयोजित की जाएगी। खेल क्षेत्र में स्वर्गीय अजितदादा पवार के योगदान को सम्मान देते हुए इस क्रीडानगरी को उनका नाम दिया गया है।
उद्घाटन और समापन
प्रतियोगिता का उद्घाटन 18 मार्च को महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्राताई अजित पवार के हाथों होगा।
22 मार्च को समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे
पुरस्कार
कुश्ती महर्षि मामासाहेब मोहोळ की स्मृति में दी जाने वाली प्रतिष्ठित “महाराष्ट्र केसरी गदा” केंद्रीय नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर अण्णा मोहोळ की ओर से प्रदान की जाएगी।
महाराष्ट्र केसरी विजेता – मानाची गदा और फॉर्च्युनर कार
उपमहाराष्ट्र केसरी – स्कॉर्पियो N कार
माटी और मॅट विभाग के विभिन्न आयु वर्गों के 18 स्वर्ण पदक विजेताओं को बुलेट मोटरसाइकिल
रजत पदक विजेताओं को स्प्लेंडर मोटरसाइकिल
अखाड़ों की व्यवस्था
स्पर्धा के लिए मिट्टी के दो और मॅट के दो, कुल चार अखाड़े तैयार किए जाएंगे। मिट्टी के अखाड़े के लिए राज्य के विभिन्न जिलों से मिट्टी लाकर विशेष अखाड़ा तैयार किया जा रहा है।
प्रतिभागी पहलवान
महाराष्ट्र राज्य कुश्तीगीर संघ से जुड़े 42 जिला कुश्ती संघों से लगभग 1500 पहलवान इस प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इनमें राज्य और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके कई नामचीन पहलवान शामिल होंगे।
दर्शकों और पार्किंग की व्यवस्था
दर्शकों के लिए 35 से 40 हजार क्षमता का भव्य स्टेडियम तैयार किया जा रहा है।
साथ ही सातव हाईस्कूल, मोझे कॉलेज पार्किंग, बाजारतळ (VIP), केसनंद फाटा बसस्टॉप के सामने, आव्हाळवाडी रोड – मुकेश सातव प्लॉट, तुकाराम सातव प्लॉट, जोशी पार्किंग तथा अनिल सातव प्लॉट पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
अन्य सुविधाएँ
पहलवानों, पंचों और प्रशिक्षकों के लिए सुरक्षा, स्वास्थ्य, निवास और भोजन की विशेष व्यवस्था की गई है। प्रतिभागियों को ट्रैकसूट, जिम बैग और विशेष खुराक प्रदान की जाएगी। कुश्ती प्रेमियों के लिए प्रतियोगिता का लाइव टेलीकास्ट भी किया जाएगा। परिसर में पेयजल और स्वच्छता सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
विशेष प्रतियोगिताएँ
युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी।
सर्वश्रेष्ठ 5 रील्स बनाने वाले को आईफोन
सर्वश्रेष्ठ फोटोग्राफी करने वाले को कैमरा लेंस
सर्वश्रेष्ठ रैप सॉन्ग के लिए 1 लाख रुपये का पुरस्कार
लोगो अनावरण
इस प्रतियोगिता के लोगो का अनावरण मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों किया गया। साथ ही महाराष्ट्र केसरी विजेता को दी जाने वाली मानाची गदा का पूजन भी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सुनेत्राताई पवार के हाथों हुआ।
आयोजक रामकृष्ण सातव पाटील ने महाराष्ट्र के सभी कुश्ती प्रेमियों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता का आनंद लेने का आह्वान किया है।



