पूणेमहाराष्ट्र

पुणे में 22 मार्च को अखिल भारतीय पाली साहित्य सम्मेलन

पुणे में 22 मार्च को अखिल भारतीय पाली साहित्य सम्मेलन

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले करेंगे उद्घाटन

पुणे :पद्मपाणी फाउंडेशन द्वारा तथा सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय के पाली एवं बौद्ध अध्ययन विभाग के सहयोग से अखिल भारतीय पाली साहित्य सम्मेलन का आयोजन रविवार, 22 मार्च 2026 को पुणे में किया जा रहा है। यह सम्मेलन भवानी पेठ (टिंबर मार्केट) स्थित सावित्रीबाई फुले सांस्कृतिक भवन में प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित होगा।

सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास आठवले के हाथों किया जाएगा। कार्यक्रम में भदंत हर्षबोधी महाथेरो, अंतरराष्ट्रीय धम्म प्रचारक गगन मलिक, पुणे नगर निगम के उपमहापौर परशुराम वाडेकर, सम्मेलन अध्यक्ष डॉ. बिमलेंद्र कुमार तथा पूर्व उपमहापौर डॉ. सिद्धार्थ धेंडे सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

सम्मेलन में देशभर से पाली भाषा और बौद्ध अध्ययन के विशेषज्ञ भाग लेंगे। डॉ. महेश डेगावकर, अब्दुल मोमीन, डॉ. योजना भगत, धर्मदीप चावड़े, डॉ. गौतम चाबुकस्वार तथा पद्मपाणी फाउंडेशन की संचालिका सुवर्णा डंबाले प्रमुख वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगे।

इस दौरान पाली भाषा, बौद्ध साहित्य, शोध एवं सांस्कृतिक परंपराओं पर विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही पाली भाषा के प्रचार-प्रसार और संरक्षण के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

आयोजकों के अनुसार, पिछले वर्ष सम्मेलन को व्यापक जनसमर्थन मिला था। इस वर्ष भी 1000 से अधिक लोगों ने सहभागिता के लिए पंजीकरण और जानकारी ली है।

पाली भाषा और बौद्ध साहित्य में रुचि रखने वाले नागरिकों से बड़ी संख्या में सम्मेलन में शामिल होने की अपील पद्मपाणी फाउंडेशन के अध्यक्ष राहुल डंबाले, संचालिका सुवर्णा डंबाले एवं आयोजन समिति की ओर से की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button