
पुणे जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्विरोध चयन – जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी
अध्यक्ष पद पर विरधवल कृष्णराव जगदाले, उपाध्यक्ष पद पर विवेक प्रतापराव वलसे पाटील निर्वाचित
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे, : जिला परिषद के अध्यक्ष पद पर विरधवल कृष्णराव जगदाले और उपाध्यक्ष पद पर विवेक प्रतापराव वलसे पाटील का निर्विरोध चयन किया गया है। यह जानकारी जिलाधिकारी तथा पीठासीन अधिकारी जितेंद्र डुडी ने दी।
जिला परिषद की विशेष बैठक पांचवें मंजिल स्थित यशवंतराव चव्हाण सभागार में आयोजित की गई, जहां अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया संपन्न हुई। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटील, समन्वयक अधिकारी तथा उपजिलाधिकारी चारुशिला देशमुख-मोहिते, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंद्रकांत वाघमारे, उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीकांत खरात, भूषण जोशी, जिला परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य और पंचायत समिति के सभापति सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी डुडी ने बताया कि महाराष्ट्र जिला परिषद एवं पंचायत समिति अधिनियम 1969 की धारा 45(2) तथा संबंधित चुनाव नियम 1962 के तहत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव संपन्न कराया गया।
अध्यक्ष पद के लिए विरधवल कृष्णराव जगदाले और विजयसिंह बाबासाहेब शिंदे ने नामांकन दाखिल किया था, जिसमें शिंदे ने अपना नाम वापस ले लिया। इसी तरह उपाध्यक्ष पद के लिए विवेक प्रतापराव वलसे पाटील और मंगेश गुलाबराव काकड़े ने नामांकन किया था, जिसमें काकड़े ने नाम वापस ले लिया। इसके बाद दोनों पदों पर निर्विरोध चुनाव घोषित किया गया।
बैठक की शुरुआत में दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

