
इटावा में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम, “नवनिर्माण के 09 वर्ष” पुस्तक का विमोचन
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, उत्तर प्रदेश सरकार के “नव निर्माण के 09 वर्ष” पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वार्षिक पुस्तक “नवनिर्माण के 09 वर्ष” का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा विभाग श्री धर्मवीर प्रजापति तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में इटावा सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया मौजूद रहीं। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव और क्षेत्राधिकारी लाइन्स आयुषी सिंह ने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और साइबर जागरूकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी और स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इटावा पुलिस ने “मिशन शक्ति फेज 5.0” के तहत महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, यूपी-112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में लोगों को जागरूक किया।
साइबर अपराध से बचाव के लिए छात्राओं और महिलाओं को सतर्क रहने की सलाह दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी या सीवीवी जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम में महिला चिकित्सकों, समाजसेवियों, अधिवक्ताओं, शिक्षिकाओं, छात्राओं और महिला रिक्रूट आरक्षियों की सक्रिय भागीदारी रही। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।



