
राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने किया निरीक्षण, उद्घाटन और महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम में किया संबोधन
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा, उत्तर प्रदेश धर्मवीर प्रजापति ने जनपद दौरे के दौरान जिला अस्पताल (टीबी अस्पताल) का निरीक्षण किया। इस अवसर पर विश्व क्षय रोग दिवस के तहत टीबी मुक्त हुए व्यक्तियों को प्रमाण-पत्र, प्रतीक चिन्ह, निश्चय पोषण किट एवं पोटली वितरित की गई।
इसके पश्चात मंत्री ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का उद्घाटन किया और विकास भवन पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। स्टॉलों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में आयोजित महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान महिला सशक्तिकरण पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि सरकार बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि अब भर्ती प्रक्रियाएं पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष हो चुकी हैं। साथ ही ‘पीएम राहत योजना’ के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए बताया कि दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के इलाज के लिए सरकार द्वारा निर्धारित अस्पतालों में ₹1.5 लाख तक का खर्च वहन किया जाता है। महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1090 सहित अन्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के लिए पॉलीथिन का उपयोग बंद करने, पौधारोपण करने, जल संरक्षण अपनाने और प्रत्येक घर में तुलसी का पौधा लगाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार जनपद में जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में “नव निर्माण के नौ वर्ष” विकास पुस्तिका का विमोचन किया गया। अंत में मंत्री द्वारा पात्र लाभार्थियों को टैबलेट, प्रशस्ति पत्र और चेक वितरित किए गए। मिशन शक्ति के अंतर्गत महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर सदर विधायक सरिता भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य, प्रेमदास कठेरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।
दौरे के अंत में मंत्री ने पंचनद कैफे, कुनेरा का उद्घाटन भी किया।



