
पर्यावरण बैठक में खुली लापरवाही, बंद मिले एसटीपी पर सीडीओ सख्त
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला गंगा समिति, वृक्षारोपण समिति एवं पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, सीवेज प्रबंधन, ठोस एवं जैव चिकित्सा अपशिष्ट निस्तारण और नदी संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान करनपुरा स्थित झरना नाला से जुड़े 10.44 और 10.45 एमएलडी क्षमता के एसटीपी निरीक्षण में बंद पाए गए। वहीं टिकसी नाले में अत्यधिक कूड़ा जमा होने से जल प्रवाह बाधित मिला। इस पर सीडीओ ने नगर निगम को तत्काल सफाई कराने और संबंधित विभाग को एसटीपी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि बिना डीएफओ और समिति की अनुमति के किसी भी एसटीपी ऑपरेटर में बदलाव नहीं होगा तथा प्रत्येक प्लांट पर ऑपरेटर की जानकारी प्रदर्शित करना अनिवार्य रहेगा।
मौजा उमरैना स्थित 13.5 एमएलडी एसटीपी की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद संयंत्र का संचालन न होना गंभीर लापरवाही है, जिसे तत्काल सुधारा जाए।
नदी किनारे कूड़ा फेंकने की समस्या पर चेतावनी बोर्ड लगाने और जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। यमुना नदी किनारे सुनवारा क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत पर सख्त कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त करने और निगरानी बढ़ाने को कहा गया।
जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा में आदर्श पैथोलॉजी, पक्का बाग में कूड़ा उठान न होने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं सिद्धार्थ हॉस्पिटल, दीप हॉस्पिटल और डॉ. लाल पैथलैब्स में बायोमेडिकल वेस्ट की लॉग बुक न मिलने पर तीन दिन में प्रशिक्षण लेकर व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया।
नगर निकायों के एमआरएफ केंद्रों की समीक्षा में बकेवर और भरथना में लापरवाही पर सुधार के निर्देश दिए गए। कचौरा और सुनवारा बाईपास पर पड़े कूड़े को हटाने, सड़क किनारे सफाई और वृक्षारोपण कराने के निर्देश भी दिए गए।
वृक्षारोपण को लेकर निर्देश दिए गए कि गुणवत्तापूर्ण पौधे चयनित कर शहर और नदी किनारे रोपे जाएं तथा लोक निर्माण विभाग ट्री-गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करे।
बैठक में जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, डीएफओ विकास नायक, अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार मिश्र, श्याम बचन सरोज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



