
एलपीजी उपलब्धता पर सख्ती, जमाखोरी पर होगी कड़ी कार्रवाई
रिपोर्ट :विशाल समाचार संवाददाता
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी : बिहार सरकार के मुख्य सचिव द्वारा सोमवार शाम 5:00 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रमंडलीय आयुक्तों, जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ एलपीजी आपूर्ति एवं आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को लेकर समीक्षा बैठक की गई।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि राज्य में एलपीजी की उपलब्धता में किसी प्रकार की कमी नहीं है। साथ ही अन्य आवश्यक वस्तुएं भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, जिससे आम जनता को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि एलपीजी, पेट्रोलियम पदार्थों एवं अन्य जरूरी वस्तुओं की जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा तस्करी में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिला प्रशासन को इस दिशा में सतर्क रहकर निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सीतामढ़ी के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।


