
कौशल विकास का नया युग: मंत्री पाटिल की उपस्थिति में ‘फ्यूल’ (FUEL) शिक्षण संस्थान का एनएसई सोशल स्टॉक एक्सचेंज में पदार्पण
फ्यूल-एनएसई बेल रिंगिंग समारोह में गर्ल्स छात्राओं के लिए मुफ्त शिक्षा पर जोर
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे : महाराष्ट्र के उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री चंद्रकांत दादा पाटिल एवं कौशल विकास मंत्री श्री मंगल प्रभात लोढ़ा की गरिमामयी उपस्थिति में आज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में एक ऐतिहासिक समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर ‘फ्यूल’ (Friends Union for Energising Lives) संस्थान के सोशल स्टॉक एक्सचेंज (SSE) प्लेटफॉर्म पर सूचीकरण (Listing) का ‘बेल रिंगिंग’ समारोह बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ.
समारोह के दौरान उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने 40 छात्राओं के लिए फ्यूल की ‘कमाओ और सीखो’ (Earn and Learn) क्रांतिकारी पहल की घोषणा की। इसके तहत इस शैक्षणिक वर्ष से सरकार की ओर से महाराष्ट्र की छात्राओं को 2,000 प्रति माह का वजीफा (Stipend) दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि एनएसई और फ्यूल के बीच यह साझेदारी महाराष्ट्र की जरूरतमंद लड़कियों के लिए मुफ्त शिक्षा के द्वार खोलेगी।
मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा, जब छात्रों को स्पष्ट दिशा मिलती है, तो वे स्वयं और समाज के विकास के लिए आवश्यक कौशल विकसित करते हैं। हम इन कौशल और शिक्षा कार्यक्रमों के माध्यम से महाराष्ट्र की महिलाओं के जीवन को और अधिक समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। भविष्य में फ्यूल स्किल टेक यूनिवर्सिटी की सहायता से हजारों कौशल-संपन्न विद्यार्थी तैयार होंगे।

इस कार्यक्रम में कौशल विकास मंत्री श्री मंगल प्रभात लोढ़ा, एनएसई के एमडी और सीईओ श्री आशीष कुमार चौहान, फ्यूल के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. केतन देशपांडे और कैपजेमिनी के अनुराग प्रताप जैसे गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
कौशल विकास मंत्री श्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने फ्यूल की सराहना करते हुए कहा कि कौशल विकास और शिक्षा के क्षेत्र में फ्यूल स्किल टेक यूनिवर्सिटी एक भविष्य के मार्गदर्शक के रूप में अपनी पहचान बनाएगी। इस शैक्षणिक वर्ष से फ्यूल अब एक ‘स्किल टेक यूनिवर्सिटी’ के रूप में कार्य शुरू करेगी। आज की एनएसई लिस्टिंग से छात्राओं के शैक्षिक विकास के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
एनएसई के एमडी और सीईओ श्री आशीष कुमार चौहान ने बताया कि फ्यूल ने एसएसई प्लेटफॉर्म के माध्यम से लगभग ₹99 लाख सफलतापूर्वक जुटाए हैं। सामाजिक निवेश के लोकतंत्रीकरण पर जोर देते हुए उन्होंने उल्लेख किया कि इस निधि का 37% हिस्सा खुदरा दाताओं (Retail Donors) का है। एनएसई प्लेटफॉर्म अब देश के 99.85% पिन कोड तक पहुंच गया है, जिससे आम नागरिकों को भी सामाजिक बदलाव में भागीदार बनने का अवसर मिल रहा है।

फ्यूल के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. केतन देशपांडे ने 20 साल पहले शुरू हुई फ्यूल की यात्रा और इसके ‘स्किल टेक यूनिवर्सिटी’ बनने तक के सफर का विवरण दिया। उन्होंने शिक्षा और रोजगार के बीच की दूरी कम करने के लिए सिंजेंटा (Syngenta) और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCC) के साथ नई रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की। उन्होंने भविष्य में 100 करोड़ का इशू (Social IPO) लाने का लक्ष्य साझा किया, जिसका उद्देश्य सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए लड़कियों की शिक्षा पर निवेश करना है।

