कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला कौशल विकास समिति की बैठक सम्पन्न
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन की अध्यक्षता में जिला कौशल विकास समिति की बैठक कलेक्टर कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न कौशल विकास योजनाओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान करना शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए कौशल विकास योजनाओं के अंतर्गत अधिक से अधिक युवाओं का पंजीयन सुनिश्चित करें तथा प्रशिक्षण के उपरांत उन्हें रोजगार अथवा स्वरोजगार से जोड़ने की उचित व्यवस्था करें। प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें और प्रशिक्षण संस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग भी करें।
बैठक में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, मुख्यमंत्री कौशल संवर्धन योजना एवं अन्य विभागीय योजनाओं के अंतर्गत चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले युवाओं का प्लेसमेंट सुनिश्चित करते हुए उनकी ट्रैकिंग भी नियमित रूप से करें। कलेक्टर ने कहा कि उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षण पाठ्यक्रम तैयार कराएं जिससे प्रशिक्षित युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें। इसके साथ ही उन्होंने स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत ऋण प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की गई। कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रशिक्षण संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


