
सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश, 1 से 15 अप्रैल तक चलेगा विशेष अभियान
रिपोर्ट:विशाल समाचार
स्थान:इटावा, उत्तर प्रदेश
जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला सड़क सुरक्षा एवं स्कूली वाहनों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाकर सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच एवं चालकों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराया जाए। साथ ही “नो हेलमेट, नो फ्यूल” अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में दुर्घटनाओं, मृतकों एवं घायलों की संख्या में कमी आई है, जो एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों पर बने अवैध कट तत्काल बंद किए जाएं तथा सर्विस रोड पर अतिक्रमण हटाकर मार्ग को सुचारू बनाया जाए।
गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की सूचना रियल टाइम में संबंधित विभागों को उपलब्ध कराने के लिए समन्वय समूह बनाने के निर्देश भी दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्गों पर बैरियर, प्रकाश व्यवस्था सहित सभी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने तथा अंडरपास की नियमित सफाई व सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने चौराहों एवं तिराहों पर अतिक्रमण को गंभीर समस्या बताते हुए निर्देश दिए कि रोडवेज बसों का अनावश्यक ठहराव रोका जाए और केवल निर्धारित स्टॉपेज से ही सवारियां बैठाई जाएं, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
बैठक में केंद्र सरकार की योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायलों के निःशुल्क उपचार की जानकारी दी गई। बताया गया कि गोल्डन आवर में किसी भी घायल को अस्पताल पहुंचाने पर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी तथा गंभीर मामलों में अधिकतम ₹1.5 लाख तक की सहायता प्रदान की जाएगी। जनपद के 18 अस्पताल इस योजना से संबद्ध हैं।
इस अवसर पर एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, सीओ सिटी अभय नारायण राय, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, एआरटीओ प्रदीप देशमणि, यातायात प्रभारी सूबेदार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

