
एचपीवी टीकाकरण का लक्ष्य 11 अप्रैल तक पूरा करें – कलेक्टर
टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों को दूर कर लक्ष्य पूरा कराएं – कलेक्टर
एचपीवी टीकाकरण की प्रगति की विकासखण्डवार जानकारी प्रतिदिन दें –कलेक्टर
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने एचपीवी टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी टीके नि:शुल्क लगाए जा रहे हैं। विश्व भर में सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सबसे कारगर उपाय एचपीवी टीका ही है। मैंने स्वयं भी यह टीका लगवाया था। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा बीएमओ जिले भर में जागरूकता अभियान चलाकर एचपीवी टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों को दूर कराएं। यह टीका पूरी तरह से सुरक्षित और कारगर है। जिले में अब तक चार हजार से अधिक किशोरियों को यह टीका लगवाया जा चुका है। इनमें से किसी को भी कोई कठिनाई नहीं हुई है। टीका लगवाने वाली किशोरियों तथा उनके अभिभावकों के अनुभव सोशल मीडिया तथा अन्य माध्यमों से आमजनता में पहुंचाएं। सही जानकारी होने पर हर माता-पिता अपनी बेटी को सर्वाइकल कैंसर जैसी घात्क बीमारी से बचाने के लिए यह टीका अवश्य लगवाएंगे।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी तथा संकुल प्राचार्य स्कूलवार पात्र छात्राओं की सूची बना लें। इसमें 14 और 15 वर्ष की किशोरियों के घर जाकर उनके अभिभावकों से टीका लगाने के संबंध में सहमति पत्र प्राप्त करें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला चिकित्सालय, मेडिकल कालेज तथा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में टीकाकरण दल तैनात करें। आशा कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर एचपीवी टीका लगवाने के लिए बेटियों और उनके परिवारजनों को प्रेरित करें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एचपीवी टीकाकरण प्रगति की प्रतिदिन विकासखण्डवार रिपोर्ट प्रस्तुत करें। टीकाकरण के लिए 11 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाकर टीकाकरण शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति कराएं। सभी छात्रावासों में रह रही 14 और 15 वर्ष की किशोरियों को भी एचपीवी टीका अनिवार्य रूप से लगवाएं। कलेक्टर ने एचपीवी टीकाकरण की अपेक्षा के अनुरूप प्रगति न होने पर आगामी आदेश तक सभी बीएमओ तथा जिला टीकाकरण अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आयुक्त नगर निगम को शहरी क्षेत्र के स्कूलों में टीकाकरण के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यत्नेश त्रिपाठी ने एचपीवी टीकाकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ. सौरभ सोनवणे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, सभी एसडीएम, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, बीएमओ, बीईओ, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


