
कलेक्टर ने 72 आवेदकों की समस्यायें सुनी।
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:रीवा, मध्य प्रदेश
रीवा . कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जनसुनवाई में 72 आवेदकों की समस्यायें सुनीं तथा आवेदनों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर निराकरण करने के निर्देश दिये। हटवा निवासी राधिका के नहर के मुआवजा राशि के भुगतान के आवेदन पर एसडीएम गुढ़ को कार्यवाही हेतु कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया।
इसी प्रकार निवासी सुरेश प्रसाद के तालाब से कब्जा हटाने, त्योंथर निवासी रामगरीब माझी के आवासीय पट्टा दिलाये जाने, बैकुंठपुर निवासी राजेन्द्र प्रसाद सोनी के बंद रास्ता को खोले जाने तथा रीवा निवासी केशकली के अनुग्रह राशि के भुगतान के आवेदन पर संबंधित तहसीलदारों को समुचित कार्यवाही करने हेतु कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया। दुआरी के लवकुश द्विवेदी के नामांतरण के आवेदन पर तहसीलदार हुजूर को, इटौरी के अजायबलाल कहार के नक्शा तरमीम के आवेदन पर तहसीलदार जवा को तथा गुढ़वा के अरूणेन्द्र पटेल के शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने के आवेदन पर तहसीलदार मनगवां को कार्यवाही के लिये निर्देश दिये गये। नौढ़िया निवासी पुष्पेन्द्र पटेल ने पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण जल आपूर्ति न हो पाने का आवेदन दिया जिस पर कलेक्टर ने पीएचई के अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिये। कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में डिप्टी कलेक्टर सुधीर कुमार बेक एवं सुरभि जैन ने भी आवेदकों की समस्यायें सुनीं।

