
उपार्जन की सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करायें – कलेक्टर
उपार्जन केन्द्रों में खरीदी से पूर्व यदि पहले का गेंहू मिला तो ब्लैक लिस्टेड होंगे केन्द्र
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रीवा,मध्य प्रदेश
रीवा कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने गेंहू उपार्जन केन्द्रों में उपार्जन से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि उपार्जन केन्द्रों में खरीदी प्रारंभ होने से पूर्व यदि पहले का भण्डारित गेंहू मिला तो केन्द्र को ब्लैक लिस्टेड किया जायेगा।
कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने कहा कि उपार्जन केन्द्रों से उपार्जित गेंहू का अनवरत परिवहन किया जाय तथा उठाव में देरी न हो। खरीदी प्रारंभ होने के दिन से ही उठाव की व्यवस्था हो। उन्होंने उपार्जन केन्द्रों में सीमावर्ती राज्यों से गेंहू न आने पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिये तथा चेकपोस्ट लगाकर व अन्य माध्यम से आवक रोके जाने हेतु निर्देशित किया। कलेक्टर ने वारदानों की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि शासन स्तर से वारदानों की मांग करें ताकि खरीदी से पूर्व पर्याप्त वारदानों की उपलब्धता रहे। कलेक्टर ने वारदानों का हिसाब न देने वाली समितियों को नोटिस देने की बात कही। उन्होंने उपार्जित गेंहू के व्यवस्थित भण्डारण के निर्देश दिये। भावान्तर योजना से खरीदी के संबंध में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी सहित उपार्जन से संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

