डॉ. अम्बेडकर जयंती पर 10 से 14 अप्रैल तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . भारत रत्न और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती 14 अप्रैल को मनाई जाएगी। अम्बेडकर जयंती के उपलक्ष्य में 10 से 14 अप्रैल तक जिला और विकासखण्ड स्तर पर समारोहपूर्वक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार 10 से 14 अप्रैल तक जिला और विकासखण्ड मुख्यालयों में हितग्राही सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। सभी कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिकों और आमजनों की भागीदारी सुनिश्चित कराएं। कार्यक्रमों की रूपरेखा जिले के प्रभारी मंत्री के अनुमोदन से तैयार कराएं। डॉ. अम्बेडकर के जीवन, विचारों, देश एवं लोकतंत्र के लिए उनके योगदान तथा संविधान निर्माण उनकी महती भूमिका के संबंध में संगोष्ठियों का आयोजन कराएं। सभी आयोजन गरिमापूर्ण हों और कार्यक्रम स्थल में छाया, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं। जिले में स्थापित डॉ. भीमराव अम्बेडकर की सभी प्रतिमाओं एवं परिसरों की साफ-सफाई कराएं और 14 अप्रैल को उनके चित्र तथा प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कराएं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को इन आयोजनों के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है
।

