उत्तर प्रदेशइटावाप्रशासन

‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना में आवेदन आमंत्रित, युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर

‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना में आवेदन आमंत्रित, युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:इटावा, उत्तर प्रदेश

इटावा, : जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, इटावा के उपायुक्त उद्योग आत्मदेव शर्मा ने बताया कि शासन की महत्वाकांक्षी योजना ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ODOP) के अंतर्गत वस्त्र उत्पाद, टेलरिंग एवं वस्त्र कढ़ाई से संबंधित उद्योग/सेवा/व्यवसाय स्थापित करने के इच्छुक युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद इटावा को 42 इकाइयों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के तहत पात्र आवेदकों को इकाई स्थापना हेतु वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

योजना के लिए पात्रता के अनुसार आवेदक उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए तथा उसकी आयु न्यूनतम 18 वर्ष होनी चाहिए। शैक्षिक योग्यता की कोई अनिवार्यता नहीं है, लेकिन आवेदक किसी बैंक या वित्तीय संस्था का डिफॉल्टर नहीं होना चाहिए।

योजना के अंतर्गत सामान्य वर्ग के आवेदकों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत तथा आरक्षित वर्ग (अनुसूचित जाति/जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिला एवं दिव्यांग) को 5 प्रतिशत अंशदान करना होगा। विभिन्न श्रेणियों में परियोजना लागत के अनुसार मार्जिन मनी (अनुदान) की भी व्यवस्था की गई है, जिसमें अधिकतम 20 लाख रुपये तक की सहायता दी जा सकती है।

उपायुक्त उद्योग ने बताया कि इस योजना का लाभ वही आवेदक ले सकते हैं, जिन्होंने पूर्व में प्रधानमंत्री रोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना या अन्य किसी स्वरोजगार योजना का लाभ न लिया हो। साथ ही एक परिवार से केवल एक ही सदस्य को योजना का लाभ मिलेगा।

इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन वेबसाइट msme.up.gov.in के माध्यम से लक्ष्य पूर्ण होने तक कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए आवेदक किसी भी कार्य दिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, इटावा कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button