
महाराष्ट्र प्रदेश युवक कांग्रेस का राज्यस्तरीय विचार अभियान और ‘लोकशाही संवाद’ पहल
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे : समाज में बढ़ती वैचारिक, सामाजिक और शैक्षणिक चुनौतियों का सामना करने के उद्देश्य से महाराष्ट्र प्रदेश युवक कांग्रेस द्वारा राज्यभर में पांच विचारप्रधान अभियानों की शुरुआत की जाएगी, साथ ही ‘लोकशाही संवाद’ नामक एक मंच की स्थापना की जाएगी। युवाओं को जागरूक, संगठित और सक्रिय बनाकर सामाजिक परिवर्तन लाने के उद्देश्य से यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यह जानकारी महाराष्ट्र प्रदेश युवक कांग्रेस के अध्यक्ष शिवराज मोरे ने एक पत्रकार परिषद में दी। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष प्रथमेश आबनावे, प्रदेश महासचिव भूषण रणभरे, पिंपरी चिंचवड़ युवक कांग्रेस अध्यक्ष कौस्तुभ नवले, प्रदेश सचिव अभिषेक अवचार और प्रियंका चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
शिवराज मोरे ने बताया कि इस पहल के अंतर्गत पांच प्रमुख अभियान चलाए जाएंगे—
डॉ. नरेंद्र दाभोलकर अभियान (वैज्ञानिक दृष्टिकोण),
गोविंद पानसरे अभियान (सामाजिक न्याय),
एम. एम. कलबुर्गी अभियान (विचार स्वतंत्रता),
रोहित वेमुला अभियान (छात्र समानता),
गौरी लंकेश अभियान (सत्य और पत्रकारिता)।
उन्होंने कहा कि डॉ. दाभोलकर अभियान के माध्यम से अंधविश्वास उन्मूलन और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा दिया जाएगा, जबकि गोविंद पानसरे अभियान संविधानिक मूल्यों, समानता और सामाजिक एकता पर केंद्रित रहेगा। एम. एम. कलबुर्गी अभियान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और खुले संवाद को प्रोत्साहित करेगा। रोहित वेमुला अभियान के जरिए छात्रों में भेदभाव के खिलाफ जागरूकता, समान अवसर और मानसिक स्वास्थ्य समर्थन पर काम किया जाएगा। वहीं गौरी लंकेश अभियान के माध्यम से फेक न्यूज के खिलाफ जनजागरण, मीडिया साक्षरता और निर्भीक पत्रकारिता को बढ़ावा दिया जाएगा।
इन सभी अभियानों को एक साझा मंच पर लाने के लिए 1 मई, महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर ‘लोकशाही संवाद – डेमोक्रेटिक डायलॉग’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्घाटन महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाळ के हाथों होगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के विचारक और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे।
इस संवाद मंच के जरिए समाज के विभिन्न वर्गों के बीच विचारों का आदान-प्रदान, जागरूकता और संगठनात्मक मजबूती लाने का प्रयास किया जाएगा। महाराष्ट्र प्रदेश युवक कांग्रेस ने युवाओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है और संविधान आधारित, विचारशील एवं समतामूलक समाज के निर्माण के लिए आगे आने का आह्वान किया है।
“युवक विचार करेगा, तभी भारत बदलेगा” – इसी नारे के साथ संगठन आगामी समय में कार्य करेगा।
