
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में मऊगंज जिला टॉप-05 में
पंचायत एवं ग्रामीण विकास, गृह, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी , राजस्व और ऊर्जा विभाग ने हासिल किया ए ग्रेड
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज आमजन की शिकायतों के त्वरित और संतोषजनक निराकरण की दिशा में मऊगंज जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। सीएम हेल्पलाइन के प्रदर्शन के आधार पर सोमवार को जारी प्रदेश स्तरीय ग्रेडिंग में मऊगंज जिले ने द्वितीय समूह के 27 जिलों में टॉप-05 में शामिल होने का स्थान अर्जित किया है।
कलेक्टर संजय कुमार जैन के सतत और प्रभावी मॉनिटरिंग के कारण जिले ने गत मार्च माह में प्राप्त कुल 4260 शिकायतों में से 82.45 कुल वेटेज स्कोर के साथ ए ग्रेड हासिल कर 49.84 वेटेज स्कोर के साथ शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिकायतों के निराकरण में और अधिक संवेदनशीलता अपनायें। ताकि जिले की रैंकिंग में और सुधार हो सके। कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक समाधान ही प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत करता है इसलिए इस दिशा में निरंतर गंभीर प्रयास जरूरी हैं। सीएम हेल्पलाइन की संतुष्टिपूर्ण शिकायतों के निपटारे के मामले में मऊगंज जिले के पंचायत एवं ग्रामीण विकास, गृह, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी , राजस्व और ऊर्जा विभाग ने संतुष्टिपूर्ण निराकरण कर भी ए ग्रेड हासिल किया और जिले को पांचवा स्थान मिला है। कलेक्टर ने इन सभी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लगनशीलता की सराहना करते हुए भविष्य में और भी बेहतर प्रदर्शन जारी रखने की अपेक्षा की है।
