
इटावा पुलिस लाइन में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम व ‘बड़ा खाना’ का आयोजन
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा ,उत्तर प्रदेश
इटावा, : जनपद इटावा के रिजर्व पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला रिक्रूट आरक्षियों की आउटडोर एवं इंडोर परीक्षाएं सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पासिंग आउट परेड से पूर्व 23 अप्रैल 2026 को परेड ग्राउंड में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं ‘बड़ा खाना’ का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में आलोक सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी आकांक्षा सिंह भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में हरीश चन्दर, पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ला तथा कमांडेंट 28वीं बटालियन अनिरुद्ध सिंह मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा मुख्य अतिथियों के स्वागत एवं प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत कर किया गया।
भोजन से पूर्व अधिकारियों ने रिक्रूट महिला आरक्षियों से संवाद कर उनके प्रशिक्षण अनुभवों को जाना और भविष्य की चुनौतियों के प्रति मार्गदर्शन दिया।
मुख्य अतिथि आलोक सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कठोर प्रशिक्षण के पश्चात आयोजित ‘बड़ा खाना’ पुलिस परिवार में आपसी सौहार्द और एकता का प्रतीक है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही महिला आरक्षियों के आत्मविश्वास और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें संवेदनशीलता एवं सहानुभूति के साथ कार्य करने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षी न केवल पुलिस बल का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, बल्कि समाज में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण की सशक्त वाहक भी हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं को प्रेरित किया कि वे अपनी तैनाती के दौरान पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनें और त्वरित न्याय सुनिश्चित करें।
इसके पश्चात अधिकारियों ने स्वयं रिक्रूट महिला आरक्षियों को भोजन परोसकर उनका उत्साहवर्धन किया, जिससे कार्यक्रम में आत्मीयता और सौहार्द का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम के दौरान ‘मिशन शक्ति’ एवं साइबर सुरक्षा के उद्देश्यों पर भी विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सहभोज के साथ पुलिस लाइन का वातावरण उत्सवमय बना रहा।
पासिंग आउट परेड से पूर्व आयोजित इस कार्यक्रम ने महिला रिक्रूट आरक्षियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।



