
इटावा में भव्य दीक्षांत परेड एवं शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न
नवनियुक्त 483 महिला आरक्षियों ने ली शपथ, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश
रिपोर्ट:विशाल समाचार
स्थान: इटावा, उत्तर प्रदेश
रिजर्व पुलिस लाइन, इटावा के परेड ग्राउंड में शनिवार को नवनियुक्त महिला आरक्षियों का भव्य दीक्षांत परेड एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कुल 483 महिला प्रशिक्षु आरक्षियों ने सफलतापूर्वक अपना प्रशिक्षण पूर्ण किया।
कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र हरीश चंदर, जिला जज इटावा श्री रजत कुमार जैन तथा जिलाधिकारी इटावा श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई।
मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया, जिसके बाद महिला आरक्षियों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया। इस दौरान 1000 से अधिक परिजन उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस की वर्दी केवल एक पोशाक नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और सुरक्षा का प्रतीक है। उन्होंने नवआरक्षियों से ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कर्तव्यों के निर्वहन का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसमें उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक, सशक्त एवं संवेदनशील बनने का संदेश दिया।
समारोह के अंतिम चरण में पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा सभी आरक्षियों को देश की सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा एवं जनसुरक्षा की शपथ दिलाई गई।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आरक्षियाँ
सर्वश्रेष्ठ कैडेट: रुबी
इंडोर प्रथम: मिनी राज प्रभा
आउटडोर प्रथम: स्वेता मिश्रा
परेड कमांडर
प्रथम: स्वेता मिश्रा
द्वितीय: अर्चना
तृतीय: प्रीति
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं परिजनों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में परिजन उपस्थित रहे।


