
इटावा में अस्पताल कांड: महिलाओं-बच्चों की लाठी-डंडों से पिटाई का आरोप, वीडियो वायरल होने पर आक्रोश
रिपोर्ट शिवराज सिंह राजपूत
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश:
जनपद इटावा के लोहान चौराहा स्थित एक निजी अस्पताल में महिलाओं और बच्चों के साथ कथित तौर पर लाठी-डंडों से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोगों द्वारा महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट होती दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश बढ़ गया है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अस्पताल संचालक और स्टाफ ने न केवल अभद्र व्यवहार किया, बल्कि लाठी-डंडों से पिटाई भी की, जिससे कई लोगों को चोटें आई हैं। उनका कहना है कि इस मामले में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
इसी मुद्दे को लेकर नगला बाबा क्षेत्र में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें लोधी समाज सहित अन्य समाजों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक में घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर पीड़ितों को न्याय दिलाने की अपील की गई।
कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी मामले को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वहीं, पीड़ित पक्ष ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि मामले में उचित धाराओं में कार्रवाई नहीं की गई और आरोपियों को बचाने की कोशिश हो रही है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस या प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान अभी तक सामने नहीं आया है।
फिलहाल, पूरे मामले में प्रशासनिक कार्रवाई और जांच के परिणाम का इंतजार किया जा रहा है।


