शासकीय ज्ञानोदय विद्यालय रीवा में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रीवा, मध्य प्रदेश
रीवा . शासकीय ज्ञानोदय विद्यालय रीवा द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 7वीं, 8वीं, 9वीं और 11वीं में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विद्यालय के प्राचार्य द्वारा जारी सूचना के अनुसार इन कक्षाओं में अनुसूचित जाति और अन्य बीपीएल कार्डधारी, सामान्य, पिछड़ा एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इस प्रवेश प्रक्रिया के लिए आवेदन पत्र विद्यालय से ही प्राप्त किए जा सकेंगे। प्रवेश परीक्षा पूर्णत: निःशुल्क रखी गई है।
इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन पत्र प्राप्त करने और उन्हें जमा करने का कार्य 20 जून तक कर सकते हैं। कक्षा 7वीं, 8वीं और 9वीं में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन 23 जून को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक किया जाएगा, जिसमें प्राप्त अंकों की मेरिट लिस्ट के आधार पर चयन होगा। वहीं कक्षा 11वीं के विभिन्न संकायों जैसे गणित, जीव विज्ञान और वाणिज्य में प्रवेश के लिए कक्षा 10वीं में प्राप्त अंकों के आधार पर पृथक-पृथक मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी। प्रवेश के लिए अनिवार्य शर्त यह है कि छात्र या छात्रा ने पिछली कक्षा शैक्षणिक सत्र 2025-26 में बिना किसी गैप के बी ग्रेड अथवा प्रथम श्रेणी में (60 प्रतिशत से ऊपर अंकों) के साथ उत्तीर्ण की हो।



