
सीतामढ़ी में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
रिपोर्ट ;विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी, : पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी के निर्देशानुसार आज पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष, यातायात के नेतृत्व में विद्या मंदिर विद्यालय, सीतामढ़ी में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं के बीच सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना था।
इस दौरान यातायात पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं यातायात नियमों की अनदेखी और लापरवाही के कारण होती हैं। यदि सभी नागरिक नियमों का पालन करें तो दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है।
कार्यक्रम में हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, ओवरस्पीडिंग से बचाव, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात संकेतों का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया।
साथ ही छात्रों को सड़क पर सतर्क एवं जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का यातायात पुलिस टीम ने सरल एवं व्यावहारिक तरीके से उत्तर दिया तथा उन्हें स्वयं जागरूक होकर अपने परिवार और समाज को भी यातायात नियमों के प्रति प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
सीतामढ़ी पुलिस द्वारा आमजन, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों के बीच सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है।



