आदित्य बिर्ला कैपिटल का कर्ज पोर्टफोलियो 2 लाख करोड़ पार, मुनाफे में मजबूत वृद्धि
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: मुंबई महाराष्ट्र
मुंबई, : आदित्य बिर्ला कैपिटल लिमिटेड ने 31 मार्च 2026 को समाप्त तिमाही और पूरे वित्तीय वर्ष 2026 के लेखापरीक्षित परिणाम जारी किए, जिनमें सभी प्रमुख क्षेत्रों में सशक्त वृद्धि दर्ज की गई है।
कंपनी का कुल कर्ज पोर्टफोलियो 32 प्रतिशत वार्षिक वृद्धि के साथ 2 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंचकर 2,07,368 करोड़ रुपये हो गया। चौथी तिमाही में एकीकृत करोत्तर लाभ 1,124 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 30 प्रतिशत अधिक है, जबकि पूरे वित्तीय वर्ष में यह 21 प्रतिशत बढ़कर 3,797 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
एकीकृत राजस्व भी मजबूत रहा। चौथी तिमाही में यह 12 प्रतिशत वृद्धि के साथ 15,877 करोड़ रुपये और पूरे वित्तीय वर्ष में 14 प्रतिशत वृद्धि के साथ 53,871 करोड़ रुपये रहा। कंपनी की कुल प्रबंधनाधीन संपत्ति (एयूएम) 16 प्रतिशत बढ़कर 5,91,343 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
बीमा और निवेश क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन देखने को मिला। जीवन बीमा का व्यक्तिगत प्रथम वर्ष प्रीमियम 15 प्रतिशत बढ़कर 4,725 करोड़ रुपये रहा, जबकि स्वास्थ्य बीमा का ग्रॉस रिटन प्रीमियम 39 प्रतिशत बढ़कर 6,855 करोड़ रुपये हो गया। म्यूचुअल फंड का तिमाही औसत एयूएम 4 प्रतिशत बढ़कर 4,35,866 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
कंपनी के डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘एबीसीडी’ के माध्यम से 26 से अधिक वित्तीय उत्पाद और सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिसके जरिए 31 मार्च 2026 तक लगभग 1.1 करोड़ ग्राहक जुड़े हैं। वहीं, एमएसएमई के लिए ‘उद्योग प्लस’ प्लेटफॉर्म पर 24 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं और इसका एयूएम 5,814 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
विस्तार के तहत कंपनी की देशभर में 1,740 शाखाएं संचालित हो रही हैं, जिनका फोकस छोटे शहरों और नए ग्राहक वर्ग तक पहुंच बढ़ाना है।
एनबीएफसी और हाउसिंग फाइनेंस कारोबार में भी तेज वृद्धि दर्ज की गई। एनबीएफसी का एयूएम 1,59,916 करोड़ रुपये और हाउसिंग फाइनेंस का एयूएम 47,452 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। दोनों क्षेत्रों में लाभ, वितरण और परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया है।
कंपनी ने अप्रैल 2026 में अॅडव्हेंट इंटरनॅशनल के साथ 2,750 करोड़ रुपये के इक्विटी निवेश का सौदा भी सफलतापूर्वक पूरा किया, जिससे पूंजी आधार और मजबूत हुआ है।


